बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में रोंगटे खड़े कर देना वाला हादसा सामने आया है। जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्रा पर बदमाशों ने केरोसीन डालकर उसे जिंदा जला डाला।
घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की है। छात्रा जब शौच के लिए मकान से कुछ ही दूरी पर झाडियों में गई तो दो युवकों ने पीछे से आकर उस पर केरोसीन डाल दिया। इसके बाद उसे आग लगा दी। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार 5 वीं की छात्रा मोना पिता तुलसीराम निवासी गोमाता कॉलोनी सांई मंदिर पहाड़ी के पास जरवाय रोड ठीकरी सोमवार को जंगल में शौच के लिए गई थी। तभी पीछे से दो युवक आए और उस पर केरोसीन डालकर आग लगा दी। आग लगते ही छात्रा भागती हुई घर गई। यहां से परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। घटना में छात्रा करीब 70 प्रतिशत तक जल गई है। ठीकरी से उसे जिला अस्पताल रैफर किया गया, जहां मोना का उपचार चल रहा है।
नानी के साथ रहती थी छात्रा
स्कूली छात्रा मोना की मां को गुजरे करीब पांच साल हो चुके हैं। छात्रा यहां अपने भाई संतोष के साथ अपनी नानी जानकीबाई के यहां रहती थी। छात्रा की नानी ने बताया कि मोना जलती हुई अवस्था में घर तक आई। इसे देख हम लोगों के हक्के-बक्के रह गए। परिजनों ने तुरंत उसे चादर ढंका और अस्पताल ले गए।
जिला अस्पताल पहुंचे छात्रा के भाई संतोष से डबडबाई आंखों से कहा कि पुलिस को दिए बयान में भी मोना दो युवकों द्वारा आग लगाना बता रही है। एक का नाम उसे नहीं मालूम है लेकिन दूसरे लड़के का नाम मोना ने पुलिस को बताया है। जिसका नाम नहीं मालूम है उसे वह चेहरे से पहचानती है।
जांच में जुटी पुलिस
इस पूरे प्रकरण को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। ठीकरी थाना से गए पुलिस बल ने मौके का निरीक्षण किया है। यहां पुलिस को केरोसीन केन और छात्रा की चुनरी मिली है। मौके पर जले हुए अवशेष भी पुलिस को मिले हैं। पुलिस ने बताया कि इसमें दो मत सामने आ रहे हैं। इसकी जांच की जा रही है।