बेटा, सच बोला तो टिकट कट जाएगा

भोपाल। कांग्रेस के स्थापना दिवस पर विधायक संजय पाठक ने पार्टी के बड़े नेताओं को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में युवा नेता सच बोलने से डरता है। बड़े नेता समझाते हैं कि बेटा, सच बोला तो टिकट कट जाएगा।

कांग्रेस के 128वें स्थापना दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया की मौजूदगी में पाठक ने कहा कि हम वर्तमान में क्यों नही जीना चाहते? हम आज भी 128 साल पुराने इतिहास में जी रहे हैं, जबकि वह जमाना गया। कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ, लेकिन आज आम आदमी का हाथ अरविंद केजरीवाल के साथ हो गया। 128 साल के आंदोलन से केजरीवाल आगे निकल गए।

मंच पर बैठे बड़े नेताओं ने पाठक को बीच में टोका, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी। बोले, आज बोलने का मौका दिया है तो सच सुनिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम गड़बड़ी के खिलाफ कोर्ट जा रहा हंू। जब 16 अगस्त को नोटिफिकेशन हो गया था कि ईवीएम में पड़ा वोट सही पड़ा या नहीं, इसका पता चलेगा, तो केंद्र सरकार इसे मध्यप्रदेश में लागू क्यों नहीं कर सकी? मिजोरम में वोट डालने पर स्लिप मिलती रही, लेकिन मध्यप्रदेश में नहीं।

नायक ने भी बड़े नेताओं को कठघरे में खड़ा किया

पूर्व मंत्री व विधायक मुकेश नायक ने भी बड़े नेताओं को कठघरे में ला दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जब जुलाई में टिकट बांटने को कहा, तो किसकी जिम्मेदारी थी कि समय पर टिकट बांटे? वे खुद तो बांटने से रहे। अब नेताओं को अपनी छवि सुधारने की जरूरत है। वे जैसा दिखते हैं, वैसा ही होने की जरूरत है। समय बदल रहा है और उसी हिसाब से चलना होगा। इधर, संजय पाठक की तीखी बातें सेवादल के प्रदेश प्रभारी योगश यादव को यह रास नहीं आई। बोलने का मौका मिलते ही यादव फिर इतिहास में लौट गए। उन्होंने कहा, इंदिरा गांधी के समय से लेकर अनेक बार लोगों को ऎसा लगा कि कांग्रेस खत्म हो गई, लेकिन कांग्रेस कभी समाप्त नहीं हो सकती।

मप्र में आप चुनौती नहीं: भूरिया

भूरिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा हार की रिपोर्ट आलाकमान को दे दी है। इस्तीफे की पेशकश भी की है। उनके अगले फैसले का इंतजार है। हार के कारणों पर कहा कि भाजपा ने जनता को बरगला लिया। बूथ मैनेजमेंट सहित कई कमियां भी भूरिया ने स्वीकार की। लोकसभा में आम आदमी पार्टी को चुनौती मानने से उन्होंने इंकार किया। साथ ही कहा कि हम सभी 29 सीटों पर भाजपा को कड़ी टक्कर देंगे।

लोकसभा के लिए युवा कांग्रेस ने मांगीं 20 सीटें

भोपाल। विधानसभा चुनाव में युवा कांग्रेस कोटे से टिकट पाने वाले 15 में से 10 प्रत्याशियों के जीतने से उत्साहित प्रदेश युवा कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश की 29 में से 20 सीटें मांगी हैं। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलकर यह मांग रखी है। प्रदेश में कांग्रेस ने बीते लोकसभा चुनाव में 29 में से 12 सीटें जीती थीं। जबकि भाजपा को 16 सीटें मिली थीं। एक सीट बसपा के खाते में गई थी।

अगले लोकसभा चुनाव के लिए युवा कांग्रेस ने इन सभी सीटों के लिए बूथ मैनेजमेंट सहित अन्य तैयारी शुरू कर दी है। युकां के 15 में से 10 प्रत्याशी विधायक बन गए हैं। जबकि मैदान में उतरे 66 में से 14 ही विधायक विधानसभा लौट सके। ऎसे में युवा कांग्रेस को ज्यादा टिकट मिलने उम्मीद नजर आ रही है। दो से तीन सांसदों के टिकट भी कट सकते हैं।

आलाकमान से मांग की है

विधानसभा चुनाव में युवाओं का प्रदर्शन बेहतर रहा है। लोकसभा चुनाव में भी युवा चेहरों को ज्यादा मौका मिलना चाहिए। हमने इसकी मांग आलाकमान से की है।
-कुणाल चौधरी, अध्यक्ष, प्रदेश युवा कांग्रेस

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!