भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिदपुर उज्जैन की सभा में कहा कि शिवराज जनता के पैसो से चुनाव लडेगा न की किसी धन्ना सेठों के पैसों से। उन्होंने जनता से आव्हान करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का तन मन धन से सहयोग करें।
जनता की सरकार, जनता के लिए, जनता द्वारा बनेगी और कांग्रेस को मुंह की खानी पडेगी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रथ द्वारा नागदा रवाना हुए।
महीदपुर में बडी संख्या में मुस्लिम समुदाय ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत किया। जगह जगह द्वार बनाकर कई सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद प्रभात झा, राष्ट्रीय महामंत्री थावरचन्द गेहलोत, वरिष्ठ मंत्री कैलाष विजयवर्गीय, चुनाव अभियान प्रभारी अनिल माधव दवे, वरिष्ठ नेता डा. सत्यनारायण जटिया, मोहन यादव, चेतन्य काष्यप, बहादुर सिंह उपस्थित थे।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद कैलाश जोशी ने महीदपुर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार में महंगाई दर पर काबू था और विकास दर भी ज्यादा थी। उन्होंने नदी जोड़ो अभियान की परिकल्पना की थी। जिसको मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साकार किया।
उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस की प्रदेश में हालत बद से बदत्तर है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर मनगढंत और बेबुनियाद आरोप लगा रही है। केन्द्र की यूपीए सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों में पूर्णतः लिप्त है।