भोपाल। न्यू बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले दो दिन से हड़ताल कर रहे स्वास्थ्य कर्मचारी मंगलवार रात स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह से मिले, लेकिन वार्ता बिफल रही और कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखन का ऐलान किया। मंत्री ने पुलिस के जरिए आंदोलनकारी कर्मचारियों को बुलाया था। शायद मंत्रीजी प्रदर्शनकारियों को पुलिस का डर दिखाना चाहते थे। एक पुलिस दल प्रदर्शनकारी नेताओं को अपने साथ लेकर स्वास्थ्य मंत्री के बंगले पर पहुंचा, लेकिन बात बन नहीं पाई।
इससे पहले प्रदेश के कई संभागों से आए इन कर्मचारियों ने तुलसी नगर स्थित मैथिलीशरण गुप्त भवन में धरना दिया। मांगों को लेकर नारेबाजी की। वहां सभा हुई जिसे संघ के प्रांताध्यक्ष आरकेएस भदौरिया, कार्यकारी अध्यक्ष प्रकाश माकोड़े, एसके लहरिया, अोपीएस राजपूत सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि वेतन विसंगति की वजह से नुकसान हो रहा है। पिछले पखवाड़े आंदोलन किया था, भूख हड़ताल भी की। इसके बावजूद वेतन, भत्ते, सुविधाएं संबंधी मांगें पूरी नहीं की गईं। ये हड़ताली बुधवार को नीलम पार्क में शुरू हो गया है। संविदा कर्मचारियों का हुजूम जमा हुआ है। पन्ना से आए कर्मचारियों का दल आज का विशेष आकर्षण बना हुआ है।