मप्र में बाबा रामदेव की पुत्रजीवक प्रतिबंधित

भोपाल। मप्र में बाबा रामदेव की 'पुत्रजीवक' दवा प्रतिबंधित कर दी गई है। एक आदेश में कहा गया है कि डॉक्टर गर्भवती महिलाओं को इस दवा की सलाह कतई ना दें और यदि अस्पतालों में पुत्रजीवक का स्टॉक उपलब्ध है तो उसे वितरित ना किया जाए। यह निर्देश सोमवार को आयुष डायरेक्टर डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने सभी आयुर्वेदिक अस्पतालों के प्रमुखों को दिए हैं। यह निर्देश बीते सप्ताह योग गुरु बाबा रामदेव की पतंजलि फार्मेसी की पुत्रजीवक दवा को लेकर शुरू हुए विवादों से अस्पतालों को बचाने जारी किए गए हैं।

डॉक्टर भी पुत्रजीवक के फेवर में
डॉ. कोठारी ने बताया कि खुशीलाल आयुर्वेद अस्पताल सहित राज्य के सभी अस्पतालों में कार्यरत आयुर्वेद चिकित्सक बांझपन से पीड़ित महिलाओं को पुत्रजीवक दवा खाने की सलाह देते हैं।

इस दवा के खाने से महिला में हार्मोनल बदलाव होते हैं। आयुर्वेद चिकित्सा पद्वति में पुत्रजीवक एक पेड़ का नाम है। इस पेड़ के बीज महिला को दवा के रूप में दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि पेड़ का नाम सिर्फ पुत्रजीवक है। इस दवा के खाने से गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे शिशु का लिंग परिवर्तन कभी नहीं होता।

आयुर्वेद कॉलेज में पुत्रजीवक के दो पौधे
राजधानी के पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय के हर्बल गार्डन में अौषधीय महत्व वाले पुत्रजीवक के दो पौधे हैं। दोनों ही पौधों के बीजों से कॉलेज में बांझपन और गर्भवती महिलाओं का इलाज किया जाता है। अफसरों के मुताबिक अस्पताल में हर महीने औसतन पांच महिलाओं को पुत्रजीवक औषधि दी जाती है। ये पौधे यहां पांच साल पहले लगाए गए थे। दोनों पौधों के बीज का उपयोग इलाज में होता है।

हर महीने इलाज के लिए आती हैं एक हजार महिलाएं
आयुर्वेद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला ने बताया कि ओपीडी में इलाज कराने हर महीने करीब 1 हजार महिलाएं गर्भावस्था संबंधी बीमारियों का इलाज कराने आती हैं। इनमें से औसत पांच महिलाओं को ही पुत्रजीवक औषधि खाने की सलाह दी जाती है। फार्मोकोलॉजी डिपार्टमेंट के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विनोद शर्मा के अनुसार पुत्रजीवक औषधि महिलाओं की गर्भावस्था संबधी बीमारियों को ठीक करने दी जाती है। इसके अलावा बांझपन दूर करने और गर्भपात, गर्भश्राव को ठीक करने के लिए यह दवा दी जाती है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !