ग्वालियर, 3 नवम्बर 2026: करवाचौथ के मौके पर यहां एक जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। करवाचौथ के लिए छुट्टी लेकर ग्वालियर आए एक सिपाही ने अपनी ही पत्नी की छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सिपाही ने पहले मामले को छुपाने का प्रयास किया, जब सफल नहीं हुआ तो फरार हो गया।
करवा चौथ के लिए आया था
पुलिस के मुताबिक, भिंड के छौंदा गांव का रहने वाला ज्ञान सिंह SSB में सिपाही है। उसकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। वह 27 अक्टूबर को करवा चौथ मनाने छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। यहां मुरार के खुरैरी इलाके में किराए के मकान में रहता था। रविवार को उसके पिता इलाज कराने भिंड से ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद पत्नी रिंकी जाटव ने ससुर को वापस भिंड छोड़ने के लिए कहा। इसी बात पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। ज्ञान सिंह पिता को भिंड छोड़कर रविवार रात घर लौटा।
रिंकी की छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया
उस समय रिंकी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इस पर ज्ञानसिंह को शक हुआ। उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाए और विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ज्ञानसिंह ने रिंकी को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया। उस समय 14 साल का बेटा दीपू और 12 साल की बेटी प्रियांशी घर में मौजूद थे। दोनों ने घटना देखी। हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी का शव बेडरूम में रखा और रातभर उसी कमरे में सोता रहा।
मायके वालों को सर्विस पिस्टल दिखाकर धमकाया
सोमवार सुबह करीब 6 बजे ज्ञानसिंह पत्नी का शव कार में रखकर अपने गांव छौंदा पहुंचा। वहां उसने रिंकी के मायके भीरमपुरा में रहने वाले साले सचिन जाटव को फोन किया। उसने बताया कि रिंकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। रिंकी के शरीर पर चोट के निशान और घुटनों पर गंभीर चोट देखकर उन्हें शक हुआ। परिजनों ने सवाल किए तो आरोपी ने कथित तौर पर सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया।
हत्या का राज खुला तो फरार हो गया
आरोप है कि ज्ञानसिंह ने बेटी प्रियांशी को भी किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बावजूद उसने चुपके से अपने मामा सचिन को पूरी घटना बता दी। बेटी ने बताया कि मां मोबाइल पर बात कर रही थीं। तभी पिता घर आए और शक के चलते उनकी हत्या कर दी। बेटी के बयान और रिंकी के शरीर पर चोट के निशान सामने आने के बाद मामला हत्या का निकला। खुद को घिरता देख आरोपी गांव से फरार हो गया।
परिजन शव लेकर भिंड से मुरार थाना पहुंचे
भिंड में दिनभर हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर परिजन सोमवार देर रात रिंकी का शव कार से ग्वालियर लेकर आए। वे मुरार थाने पहुंचे। पुलिस ने शव डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी की तलाश की जा रही है।
मुरार थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली ने बताया कि खुरैरी में एक युवक ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की है। वह शव भिंड ले गया और हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही। नाबालिग बेटी ने घटना का खुलासा किया है। पुलिस चश्मदीदों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।

