राहुल गांधी के प्रस्तावित भोपाल मार्च पर पुलिस का प्रतिबंध, कांग्रेस ने कहा: भाजपा डर गई

Updesh Awasthee
भोपाल, 17 नवम्बर 2026:
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में राहुल गांधी के प्रस्तावित 'संविधान रक्षा मार्च' पर पुलिस ने प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि अभी कुछ भी आन डाक्यूमेंट नहीं है, परंतु राजनीति तो बयानबाजी से ही चलती है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा डर गई, जबकि भाजपा का कहना है कि सड़क पर प्रति​बंध है, मैदान खाली पड़े हैं, दम है तो वहां कार्यक्रम करें। 

धारा 163 के तहत किन चीजों पर प्रतिबंध लगा

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार द्वारा 16 नवंबर 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत जारी आदेश में निम्नलिखित सख्त प्रावधान किए गए हैं:
भोपाल नगरीय क्षेत्र में पुलिस उपायुक्त (आसूचना एवं सुरक्षा) की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी धरना, प्रदर्शन, आंदोलन, जुलूस, रैली, आमसभा, पुतला दहन, पदयात्रा या घेराव नहीं किया जा सकेगा।
बिना परमिशन कार्यक्रम करने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही, सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर आयोजकों से ही क्षतिपूर्ति वसूली जाएगी।

सरकार की घबराहट साफ दिख रही है: कमलेश्वर पटेल

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सोशल मीडिया पर पुलिस कमिश्नर का आदेश साझा करते हुए प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस ने 26 नवंबर को 'वोट चोरी' के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है, तब से भाजपा सरकार की घबराहट साफ नजर आ रही है। पुलिस का पहरा, प्रशासनिक प्रतिबंध और सत्ता का दबाव कांग्रेस को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई लड़ने से नहीं रोक पाएगा।

जंबूरी मैदान खाली पड़ा है, वहां कर लें कार्यक्रम: रामेश्वर शर्मा

कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप होने के बाद अब राहुल गांधी राज्यों में कार्यक्रम करने निकले हैं। शर्मा ने कहा, "यदि कांग्रेस को भोपाल में कार्यक्रम करना है तो किसी ने मना नहीं किया है। पूरा जंबूरी मैदान खाली पड़ा है, वे वहां की अनुमति लेकर आयोजन कर लें।"

राहुल गांधी सिर्फ जीतू पटवारी के लिए आते हैं, कांग्रेस के लिए नहीं

इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर 'वोट चोरी' जैसे भ्रामक मुद्दे उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी जब भी एमपी आते हैं, केवल जीतू पटवारी के एजेंडे को आगे बढ़ाते हैं और दिग्विजय सिंह, कमलनाथ व अरुण यादव जैसे वरिष्ठ नेताओं का अपमान करके चले जाते हैं।

अभी तो हमने स्थान भी तय नहीं किया: मुकेश नायक

विवाद पर मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हमेशा नियमों और प्रक्रिया के तहत ही कार्यक्रम करती है। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में स्थान तय होने के बाद प्रशासन से विधिवत अनुमति मांगी जाएगी। लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत विपक्ष को अनुमति देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

जंबूरी मैदान की सलाह पर पलटवार करते हुए नायक ने कहा कि सत्तापक्ष के नेता खुद सड़कों पर खड़े होकर भाषण देते हैं और आयोजन करते हैं, जिससे भोपाल का यातायात चरमरा जाता है।सड़कों पर निकलने वाली बारातों और विभिन्न समुदायों के धार्मिक जुलूसों के कारण आम नागरिक घंटों जाम में फंसे रहते हैं। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए खुली रहें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!