आलीराजपुर। जनजातीय अंचल की बेटी प्रियांशी मुवेल ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर आलीराजपुर जिले का गौरव बढ़ाया है। उदयगढ़ विकासखंड के ग्राम खण्डाला गमीर निवासी प्रियांशी को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा 2026 के राष्ट्रीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति में प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। देशभर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के चयनित 146 मेधावी विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों में उनका शामिल होना जिले के लिए विशेष उपलब्धि है।
राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों के साथ आईआईटी, एनआईटी, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू), एनआईएफटी और सरकारी मेडिकल कालेजों में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थी शामिल हुए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने तथा लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और महाभारत के एकलव्य के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए अपनी जड़ों, संस्कृति और समाज से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने स्वागत भाषण दिया। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश के दल का नेतृत्व शिक्षक बलवान सिंह और कविता आर्या ने किया।
पहले प्रयास में नीट उत्तीर्ण कर एमबीबीएस में प्रवेश
प्रियांशी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद मात्र 17 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में नीट उत्तीर्ण कर एमबीबीएस में प्रवेश हासिल किया।
परिवार में भी शिक्षा के प्रति समर्पण
प्रियांशी के पिता गुमान सिंह मुवेल किसान हैं, जबकि माता रमीला मुवेल सिलाई का कार्य करती हैं। चार भाई-बहनों में सबसे छोटी प्रियांशी के बड़े भाई डा. मुनेंद्र मुवेल एमबीबीएस पूर्ण कर मेडिकल कालेज सीहोर में ग्रामीण सेवा बांड के तहत सेवाएं दे रहे हैं। बड़ी बहन शालिनी मुवेल बीडीएस तथा दूसरी बहन पूजा मुवेल एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।
एकलव्य विद्यालय की संस्था प्रधान निकिता मेहरा ने प्रियांशी की सराहना की। इस उपलब्धि से ग्राम खण्डाला गमीर सहित उदयगढ़ क्षेत्र और पूरे आलीराजपुर जिले में गर्व और प्रसन्नता का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान जनजातीय अंचल की बेटियों के लिए भी प्रेरणादायी उपलब्धि है।
🔹राजेश जयंत


