शिवपुरी, 13 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचे। उन्होंने यहां मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र बहनों के बैंक खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख से अधिक रुपये ट्रांसफर किए। साथ ही, उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ के ऋण का भी अंतरण किया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने लाड़ली बहनों का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 221 करोड़ की लागत के 121 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि-पूजन किया। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया।
पिछोर के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणाएं
- पिछोर में बनेगा सांदीपनि विद्यालय।
- पिछोर अंतर्गत खनियाधाना क्षेत्र में आने वाले रेडी चौराहे पर बनेगी पुलिस चौकी।
- खनियाधाना में बनेगा सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स।
- किले के विकास के लिए 5 करोड़ की राशि की घोषणा।
- मोतीसागर तालाब के सौंदर्यीकरण और विकास के राशि की घोषणा।
- वर्ष 2027 में पिछोर को जिला बनाए जाने की अनुशंसा।
- बामोर कलां में महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा।
लाड़ली बहनों को लगभग 60 हजार करोड़ दे चुके हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए पिछोर में सांदीपनि विद्यालय, रेडी चौराहे पर पुलिस चौकी का निर्माण, खनियाधाना में सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पिछोर में कासना नाले पर पुल निर्माण, मोतीसागर तालाब के सौंदर्यीकरण और बामोर कलां में महाविद्यालय की स्थापना समेत अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। @DrMohanYadav51 @mp_wcdmp #CMMadhyaPradesh #लाड़ली_बहना
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) November 13, 2026
आपके रोजगार के लिए उद्योगों को बढ़ावा दे रहे हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिवपुरी को कुछ माह पहले ही 6 हजार करोड़ के डिफेंस इंडस्ट्री कॉरिडोर की सौगात मिली है। भविष्य की दृष्टि से हमारी सरकार लगातार रोजगार परक उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। माताओं-बहनों को इन उद्योगों में काम करने पर वेतन में 5 हजार रुपए सरकार अपनी ओर से देगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाई के नाते यह बहनों के लिए हमारी प्रतिबद्धता है। राज्य सरकार प्रदेश के कोने-कोने में उद्योग स्थापित करने के लिए हर संभव कार्य कर रही है। निवेशकों को बिजली, पानी, जमीन आवंटन में कई प्रकार से प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 12.50 लाख करोड़ रुपए का निवेश धरातल पर आ चुका है। ग्वालियर को केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से देश के पहले आधुनिक टेलीकॉम मैन्यूफ्रैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) की सौगात मिलने वाली है।
रोजगार और उद्योग पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए औद्योगिक गतिविधियों को तेज गति से बढ़ाया जा रहा है। वहीं, खेती-किसानी से आय बढ़ाने के लिए, सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए सरकार काम कर रही है। अब तक प्रदेश की 60 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो चुकी है। राज्य सरकार हर वर्ग की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। खेती के साथ पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश अभी तीसरे स्थान पर है, अगले दो वर्ष में प्रदेश को शीर्ष स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ा रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्राचीन समृद्ध विरासत का संरक्षण करते हुए देवस्थानों का कायाकल्प कर धार्मिक पर्यटन को बढ़ा रही है। उज्जैन में बाबा महाकाल के महालोक के निर्माण के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़कर 20 करोड़ तीर्थ यात्री हो गई है। प्रत्येक देवस्थान में विकास कार्य जारी हैं। ओंकारेश्वर धाम के लिए ढाई हजार करोड़, उज्जैन में सिंहस्थ के आयोजन के लिए विकास कार्य और राजा राम की नगरी ओरछा में 1000 करोड़ के विकास कार्य किए जा रहे हैं। दतिया, पीताम्बरा पीठ, सलकनपुर को भी भव्य धाम के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रभु श्रीराम अयोध्या में विराजमान हो चुके हैं और बहुत जल्द मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण मुस्कुराएंगे।

