जबलपुर, 27 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पर्याप्त प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर दायर याचिका को खारिज कर दिया है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोग्जे तथा न्यायूमूर्ति विवेक जैन की खंडपीठ ने यह निर्णय 'ओबीसी एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन बनाम भारत संघ एवं अन्य' (रिट याचिका क्रमांक 45950/2026) के मामले में सुनाया।
कॉलेजियम की अनुशंसा और चयन प्रक्रिया पर उठाए गए थे सवाल
याचिका में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के लिए सात अधिवक्ताओं को न्यायाधीश नियुक्त करने की गई अनुशंसा को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ता एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ता उदय कुमार साहू ने तर्क दिया कि सात अनुशंसित वकीलों में से कोई भी एससी या एसटी वर्ग से संबंधित नहीं है, जबकि केवल एक अधिवक्ता ओबीसी वर्ग से है।
याचिका में आरोप लगाया गया कि हाई कोर्ट कॉलेजियम द्वारा 13 मई 2026 को अपनाई गई प्रक्रिया में अधिवक्ता संघों को सार्वजनिक सूचना नहीं दी गई और न ही पारदर्शी व वस्तुनिष्ठ मानदंड निर्धारित किए गए, जिससे एससी, एसटी, ओबीसी और महिला अधिवक्ताओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल सके। इसके अलावा, राज्य पुनर्गठन के बाद से अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता एवं शासकीय अधिवक्ता जैसे पदों पर भी आरक्षित वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व न मिलने की बात कही गई।
अन्ना मैथ्यूज एवं अन्य बनाम सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया: न्यायाधीशों की नियुक्ति
खंडपीठ ने अपने निर्णय में सुप्रीम कोर्ट के 'अन्ना मैथ्यूज एवं अन्य बनाम सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया (2023)' निर्णय का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि न्यायाधीशों की नियुक्ति के मामले में न्यायिक समीक्षा का दायरा सीमित है। अदालत ने कहा कि वह कॉलेजियम की अनुशंसा को निरस्त करने या उसे पुनर्विचार के लिए वापस भेजने का निर्देश नहीं दे सकती, क्योंकि ऐसा करना कॉलेजियम के निर्णय का मूल्यांकन कर उसकी जगह न्यायालय की व्यक्तिगत राय रखने के समान होगा। न्यायिक समीक्षा के अंतर्गत केवल संविधान के अनुच्छेद 217(2) के तहत निर्धारित पात्रता तथा अनुच्छेद 217(1) के अंतर्गत प्रभावी परामर्श की प्रक्रिया की ही जांच की जा सकती है।
न्यायाधीश का पद संवैधानिक, राज्य सरकार के अधीन रोजगार नहीं
न्यायालय ने 'मारुति सोंधिया बनाम भारत संघ (2024)' के पूर्व निर्णय का हवाला देते हुए दोहराया कि संविधान या न्यायिक निर्णयों में हाई कोर्ट न्यायाधीशों की नियुक्ति में किसी जाति या वर्ग के लिए आरक्षण अथवा आनुपातिक प्रतिनिधित्व का कोई प्रावधान निर्धारित नहीं है। अदालत ने स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट के न्यायाधीश का पद एक उच्च संवैधानिक पद है, न कि राज्य सरकार के अधीन कोई सामान्य सिविल पद या कार्यकारी रोजगार। इसलिए न्यायाधीशों की नियुक्ति में सार्वजनिक विज्ञापन जारी न करना या औपचारिक आवेदन प्रक्रिया न अपनाना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन नहीं है।
अन्य मुद्दे और सुप्रीम कोर्ट में चुनौती की तैयारी
राष्ट्रपति सचिवालय को भेजे गए अभ्यावेदनों पर पीठ ने कहा कि राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा किसी शिकायत को राज्य सरकार को भेजना नियुक्ति प्राधिकारी के लिए बाध्यकारी निर्देश नहीं बनता और न ही कॉलेजियम द्वारा अलग से कारणयुक्त आदेश न देना उसकी अनुशंसा को अवैध बनाता है। वहीं, राज्य सरकार के विधि अधिकारियों (जैसे महाधिवक्ता व शासकीय अधिवक्ता) की नियुक्ति को कार्यकारी नीति तथा व्यावसायिक विश्वास का विषय मानते हुए इसे न्यायाधीश नियुक्ति प्रक्रिया से अलग बताया गया।
पूर्व निर्णयों के आलोक में याचिका खारिज होने के बाद याचिकाकर्ता एसोसिएशन का कहना है कि वे हाईकोर्ट के इस आदेश को सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) में चुनौती देंगे।

.webp)