सागर, 22 नवंबर 2026: डॉ प्रियंक जैन और डॉक्टर दीपांशु दुबे अपने प्रोफेशन के हिसाब से काफी लोकप्रिय और सफल डॉक्टर हैं लेकिन वह अपने बरगद हॉस्पिटल का संचालन ठीक प्रकार से नहीं कर पा रहे हैं। अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुई एक घायल छात्रा के साथ, नर्सिंग स्टाफ द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई लेकिन हॉस्पिटल मैनेजमेंट को तब तक पता नहीं चला जब तक कि पीड़ित परिवार द्वारा हंगामा नहीं किया गया। इतना ही नहीं, घटना के विरोध में हंगामे के दौरान अस्पताल में अवैध शराब का ट्रांसपोर्टेशन भी पाया गया।
नंबर देने से मना किया तो दोबारा...
छात्रा के मुताबिक, 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे वह बेड पर सो रही थी, तभी वार्ड बॉय राजा बंसल वहां आया और उसे गलत तरीके से छुआ। आरोप है कि उसने कहा कि वह उसे अच्छी लगती है और उससे बात करना चाहता है। इसके लिए उसने फोन नंबर भी मांगा। छात्रा ने जब नंबर देने से मना किया तो आरोपी ने दोबारा उसे गलत तरीके से छुआ। कुछ देर बाद वह वहां से चला गया। डर के कारण छात्रा ने उस समय किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। बाद में अस्पताल आई बुआ की बेटी को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन ने विरोध किया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
माता-पिता और भाई के साथ हुआ था हादसा
छात्रा ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले वह अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर आ रही थी। बरोदा के पास उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में उसे चोटें आईं। इसके बाद परिजन उसे बरगद अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने 20 नवंबर को उसे अस्पताल में भर्ती किया था।
हंगामे के बीच शराब से भरी बोलेरो पहुंची
घटना को लेकर अस्पताल में परिजन और अन्य लोगों ने विरोध किया। इसी दौरान शराब की पेटियों से भरी एक बोलेरो अस्पताल परिसर में पहुंची। भीड़ को देखकर वाहन में सवार लोग उसे छोड़कर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने बोलेरो और उसमें रखी शराब जब्त कर ली। छात्रा और परिजन के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बरगद हॉस्पिटल के डॉ. दीपांशु दुबे का बयान
बरगद हॉस्पिटल के डॉ. दीपांशु दुबे ने बताया कि परिजन से घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी थी। संबंधित नर्सिंग स्टाफ राजा बंसल को नौकरी से निकाल दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन पीड़ित परिवार को कार्रवाई में सहयोग कर रहा है। डॉ. दुबे ने बताया कि अस्पताल परिसर में बोलेरो से मिली शराब किसी गार्ड की बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटना सुबह की होने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अस्पताल की पार्किंग में बोलेरो से दो पेटी शराब जब्त
इसी विवाद के दौरान अस्पताल की पार्किंग में एक बोलेरो कार पहुंची थी। पुलिस को कार में अवैध शराब रखे होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके से बोलेरो और उसमें रखी दो पेटी शराब जब्त की हैं। कार में सवार तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
यहां एक बात नोट करने वाली है। हॉस्पिटल मैनेजमेंट को पता ही नहीं होता कि उनके अस्पताल में क्या चल रहा है। शराब से भरी हुई गाड़ी पहली बार तो नहीं आई होगी, नर्सिंग स्टाफ ने भी किसी महिला मरीज के साथ पहली बार तो ऐसा नहीं किया होगा। नोट करने वाली बात यह है कि, मैनेजमेंट लापरवाह है इसलिए अस्पताल में लोग मनमानी कर रहे हैं। इस प्रकार के लापरवाह मैनेजमेंट के खिलाफ कार्रवाई के लिए भारतीय न्याय संहिता में कोई प्रावधान नहीं है। मध्य प्रदेश में प्राइवेट अस्पतालों के संचालन के लिए मध्य प्रदेश उपचर्यागृह तथा रुजोपचार संबंधी स्थापनाएं (रजिस्ट्रीकरण तथा अनुज्ञापन) अधिनियम, 1973 लागू होता है, लेकिन इसमें मरीज की सुरक्षा के प्रति लापरवाही के लिए मैनेजमेंट के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई का प्रावधान नहीं है। इसलिए मामला नैतिकता के आधार पर जनता की अदालत में है। इस अस्पताल में अपने मरीज को भर्ती करने से पहले लोगों को सोचना पड़ेगा।

.webp)