भोपाल में महिला कर्मचारी ने अधिकारी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज करवाया, अधिकारी हिरासत में

Updesh Awasthee
भोपाल, 28 नवंबर 2026:
यहां एक महिला कर्मचारियों ने अपने ही अधिकारी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज करवाया है। बताया है कि वह नाइट ड्यूटी पर थी, तभी अधिकारी ने उसका बलात्कार किया। महिला कर्मचारी रात के समय पुलिस थाने पहुंची। उसका कहना था कि वह घटना के तत्काल बाद, सीधे पुलिस थाने आई है। पुलिस ने अधिकारी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। 

महिला कर्मचारी ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई

यह मामला भोपाल सेंट्रल जेल का बताया जा रहा है। गांधीनगर पुलिस थाने में जेलर मग्नू सिंह मरावी को हिरासत में रखा गया है। जेलर के खिलाफ जेल की एक महिला कर्मचारियों ने बलात्कार का मामला दर्ज करवाया है। मामले की इन्वेस्टीगेशन कर रही सब इंस्पेक्टर प्रभावती शर्मा के मुताबिक, महिला कर्मचारी ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह जेल परिसर में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान जेलर मग्नू सिंह मरावी आ गए। जेलर ने उनसे अश्लील बातें शुरू कीं और फिर जबरन वॉशरूम में ले जाकर रेप किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला कर्मचारी ने रात में ब्लड प्रेशर बढ़ने की बात कहकर ड्यूटी से घर जाने की अनुमति ली थी। इसके बाद वह थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनके विस्तृत बयान दर्ज किए हैं। इन बयानों की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। शिकायत के बाद महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

जेल में किसी कर्मचारी को नहीं पता, क्या हुआ

पुलिस टीम ने सेंट्रल जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। जेल प्रबंधन से ड्यूटी चार्ट मांगा गया है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। टीआई सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक, घटना के समय घटनास्थल के आसपास अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर थे। फिलहाल किसी कर्मचारी ने वारदात की पुष्टि नहीं की है। सभी के विस्तृत बयान भी दर्ज नहीं हो सके हैं।

मग्नू सिंह मरावी भोपाल आने से पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक रह चुके हैं। अगस्त 2024 से भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि महिला प्रहरी ने 2017 में भी जेल के एक अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!