रतलाम 16 नवंबर 2026: कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में सबके सामने जिला शिक्षा अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि, जिला शिक्षा अधिकारी किसी भी गलत कार्य का समर्थन नहीं करें तथा अनियमितताओं के मामलों में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। मामला लापरवाही करने वाले बीईओ और प्राचार्य को बचाने की कोशिश का है।
कलेक्टर के समक्ष स्पष्ट हुआ कि पुस्तक वितरण में रिंगनोद के प्राचार्य द्वारा लापरवाही की गई है। सिर्फ इतना ही नहीं, विकास खंड शिक्षा अधिकारी भी इतने लापरवाह हैं कि उन्होंने पुस्तक वितरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य की निगरानी नहीं की। जब इस बात का खुलासा हुआ तो जिला शिक्षा अधिकारी, सबको बचाने की कोशिश करते नजर आए। यह देख कलेक्टर नाराज हो गए। उन्होंने जिले के सभी प्रमुख अधिकारियों से भरी मीटिंग में जिला अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि, जिला शिक्षा अधिकारी किसी भी गलत कार्य का समर्थन नहीं करें तथा अनियमितताओं के मामलों में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही निर्देश दिए कि लापरवाही प्राचार्य के खिलाफ विभागीय जांच करें और विकासखंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हेतु कमिश्नर को प्रस्ताव भेजें।
मीटिंग में इसके अलावा कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में खनन गतिविधियों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा।
कलेक्टर ने मंडी सचिव को निर्देशित किया कि मंडियों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में डीएफओ श्री अनुभा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।

.webp)