भोपाल, 4 अक्टूबर 2026: पहले सरकार पर दबाव फिर सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटिशन फेल हो जाने के बाद मध्य प्रदेश के 1 लाख से अधिक शिक्षकों ने एक बार फिर सरकार पर दवा बनाने के लिए प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा हम किसी भी हाल में नहीं देंगे। उल्लेखनीय है की पात्रता परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन की लास्ट डेट 6 अक्टूबर है।
अब तो पुरानी पेंशन भी चाहिए
शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के विरोध और पुरानी पेंशन लागू करने की मांग को लेकर रविवार को प्रदेशभर के टीचर्स राजधानी भोपाल में जुटे हैं। वे लिंक रोड नंबर-2 स्थित अंबेडकर पार्क में धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि वे किसी भी हाल में टीईटी नहीं देंगे। सरकार पुरानी पेंशन लागू करे। जब सांसद-विधायक पेंशन ले रहे तो हम क्यों नहीं लें। शिक्षक संघर्ष समिति एवं वरिष्ठता बहाली मंच के बैनर तले यह प्रदर्शन चल रहा है। सुबह 11 बजे से शिक्षक पार्क में जुटने शुरू हुए। दोपहर 1 बजे से धरना शुरू किया गया। इसमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के जिलों से महिला एवं पुरुष शिक्षक शामिल हुए। सबकी एक ही मांग है कि टीईटी तुरंत कैंसिल की जाए।
दादा-दादी, नाना-नानी की उम्र में परीक्षा नहीं देंगे
अध्यापत संघर्ष समिति के पदाधिकारी भारत भार्गव ने कहा कि टीईटी लेने का फैसला लेकर सरकार राष्ट्र निर्माता को शर्मिदा कर रही है। 1998 या इससे बाद के शिक्षकों की परीक्षा लेंगे तो क्या ये सही है? हम डीएड्-बीएड् की पात्रता से ही चयनित हुए। हम डर नहीं रहे, लेकिन क्या दादा-दादी, नाना-नानी की उम्र में सरकार हमारी परीक्षा लेगी?
हमने सांसदों की पेंशन पर आपत्ति नहीं की तो उन्होंने हमारे पेंशन क्यों काटी
उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों का 10 साल का छठा और ढाई साल का सातवां वेतनमान नहीं दिया। 20 साल की सेवाएं शून्य कर दी गईं। भार्गव ने कहा कि उनकी नियुक्ति वर्ष 1998 में हुई थी। अब तक 28 साल हो गए, लेकिन सरकारी पोर्टल पर उनकी सेवाएं 8 साल की ही दिखाई जा रही हैं। सांसद-विधायक आजीवन पेंशन, वेतन और भत्ते लेते हैं। शिक्षकों ने कभी इस पर आपत्ति नहीं ली। उन्होंने सवाल उठाया कि फिर सरकार शिक्षक समेत कर्मचारियों की पुरानी पेंशन स्कीम लागू क्यों नहीं कर रही।

