भोपाल में रैपिडो ड्राइवर पर ऑटो रिक्शा चालक ने धारदार हथियार से हमला किया

Updesh Awasthee
भोपाल, 3 अक्टूबर 2026
: शहर में ऑनलाइन मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सेवाएं देने वाले ऑटो रिक्शा एवं सीएबी टैक्सी चालकों और ऑफलाइन सेवाएं देने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के बीच में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। एक वीडियो प्राप्त हुआ है जिसमें एक ऑटो रिक्शा चालक, रैपिडो के माध्यम से चलने वाले ऑटो रिक्शा के ड्राइवर पर धारदार हथियार से हमला कर रहा है। 

मामला व्यावसायिक विद्वेष का है

यह घटना बंसल अस्पताल के सामने सावरिया चाय-नाश्ते की दुकान की बताई गई है। हमला करने वाले ऑटो रिक्शा ड्राइवर का नाम नसीम खान और रैपिडो ऑटो रिक्शा ड्राइवर का नाम रामराज सिंह बताया गया है। मामला व्यावसायिक विद्वेष का है। ऑफलाइन ऑटो रिक्शा चालक, ऑनलाइन मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सेवाएं देने वाले ऑटो रिक्शा चालकों को अक्सर परेशान करते हैं। बताया गया है कि जब चाय की दुकान पर रैपिडो ड्राइवर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद ऑटो रिक्शा चालक नसीम खान ने उसके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। जब रामराज सिंह ने गाली देने से मना किया तो उसने लोहे की छुरी निकाल ली। दूसरे ही पल नसीम खान ने रामराज सिंह पर छुरी से हमला कर दिया। 

कभी भी कोई गंभीर घटना हो सकती है

बताया गया कि इस हमले में रैपिडो ऑटो रिक्शा ड्राइवर के सर और हाथ में चोट आई है। उसको इलाज के लिए भर्ती किया गया है। शाहपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन समस्या समाप्त नहीं हुई है क्योंकि ऑटो रिक्शा चालकों के बीच दो वर्ग बन गए हैं। ऑफलाइन वाले अक्सर ऑनलाइन वालों को परेशान कर रहे हैं। मारपीट आम बात है, जो पुलिस थाने में दर्ज ही नहीं की जाती है। इस घटना में धारदार हथियार था, वीडियो वायरल हुआ और रैपिडो ऑटो रिक्शा ड्राइवर घायल हुआ, इसलिए मामला दर्ज हो गया। पुलिस को समस्या के समाधान की तरफ बढ़ना चाहिए, अन्यथा इस मुद्दे को लेकर भोपाल में कभी भी कोई गंभीर घटना हो सकती है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!