खंडवा, 9 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश में यह गड़बड़ी बड़े पैमाने पर होती है। प्रॉपर्टी टैक्स के बताए बैलेंस में मनमानी रकम डालकर लोगों को रिश्वत देने के लिए मजबूर किया जाता है। लोकायुक्त पुलिस की छापा मारा कार्रवाई में ऐसे ही एक मामले में ग्राम पंचायत के सचिव रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।
लोकायुक्त द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा दिनांक 05/10/2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत आवेदन पत्र प्रस्तुत कर शिकायत की थी कि आवेदक खंडवा जिले में संचालित प्राइवेट स्कूल का संस्थापक है। जिसका संचालन आवेदक के पुत्र के द्वारा किया जाता है। आवेदक का स्कूल नाहल्दा ग्राम पंचायत तहसील व जिला खंडवा के अन्तर्गत आता है अनावेदक सचिव द्वारा आवेदक के स्कूल का दो वर्ष का प्रॉपर्टी टैक्स जो कि लगभग 2,20,000/- रुपये अनावेदक द्वारा बताया गया था, को कम करने के एवज में 50,000/- रुपये रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी। आवेदक की उक्त शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त संभाग इंदौर के पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय के द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाया गया।
शिकायत सही पाये जाने पर आज दिनांक 09.10.2026 को आरोपी श्री कृष्ण देव पटेल, सचिव ग्राम पंचायत नाहल्दा, तहसील/जिला खंडवा के विरूद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 के अन्तर्गत अपराध पंजीबद्ध कर ट्रैप का आयोजन किया गया, ट्रैप के दौरान आरोपी कृष्ण देव पटेल, सचिव ग्राम पंचायत नाहल्दा, तहसील/जिला खंडवा को रिश्वत राशि- 25000/-₹ प्राप्त करते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया गया है।
ट्रैप दल सदस्य- निरीक्षक प्रतिभा तोमर, आरक्षक आदित्य सिंह, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार, सतीश यादव, श्रीकृष्ण अहिरवार।
इंदौर संभाग में रिश्वतखोरी की शिकायत यहां करें
लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की इंदौर संभाग में किसी भी अधिकारी/कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग करने पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर के कार्यालय एवं दूरभाष पर भी सम्पर्क कर सकते है।
कार्यालय - पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर संभाग इंदौर
पता - मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर -452007
दूरभाष 0731-2533160, 0731-2430100

