भोपाल में बांदीखेड़ी पटाखा फैक्ट्री सील, एसडीएम बैरसिया की कार्रवाई

Updesh Awasthee
भोपाल, 04 अक्टूबर, 2026:
अनुविभाग बैरसिया के ग्राम बांदीखेड़ी स्थित पटाखा फैक्ट्री का प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में निर्धारित क्षमता से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण पाए जाने सहित कई अन्य अनियमितताएं सामने आईं। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने फैक्ट्री को मौके पर ही सीलबंद कर दिया।

फैक्ट्री का निरीक्षण एसडीएम बैरसिया सुश्री शिवांगी बघेल, एसडीओपी सुश्री वैशाली सिंह, तहसीलदार सुश्री दुर्गा पटले एवं थाना प्रभारी गुनगा श्री रिंकू जाटव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में विस्फोटक सामग्री के निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण के साथ ही सुरक्षा एवं संचालन से संबंधित अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। प्रशासन के अनुसार, जांच में सामने आई अनियमितताएं विस्फोटक अधिनियम, 1884 एवं विस्फोटक नियम, 2008 के प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में पाई गईं। इसके बाद प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विस्फोटक सामग्री के निर्माण, रख-रखाव एवं भंडारण में निर्धारित सुरक्षा मानकों और वैधानिक प्रावधानों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही से जनसुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है, इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्रमांक/1010/012, विजय/अरुण शर्मा

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!