भोपाल जनसुनवाई में आज भी किसी को समाधान नहीं मिला, 153 पीड़ितों को आश्वासन थमा दिया

Updesh Awasthee
भोपाल, 22 सितंबर 2026:
राजधानी भोपाल में मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई बंद कर देनी चाहिए। इसके स्थान पर एक ऑफलाइन सीएम हेल्पलाइन सेंटर ओपन कर देना चाहिए। आज मंगलवार को भी किसी की समस्या का समाधान नहीं हुआ। मतलब जो आज समस्याएं लेकर आए थे उनका भी नहीं हुआ और जिनको पिछले मंगलवार, उससे पिछले मंगलवार, उससे पिछले मंगलवार, मतलब पहले कभी भी आश्वासन का चूर्ण मिला था, उनमें से किसी को भी आज समाधान नहीं मिला। 

कलेक्टर कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी श्री विजय अरुण शर्मा द्वारा प्रेस को भेजे गए जनसुनवाई के प्रतिवेदन क्रमांक/963/084 के अनुसार, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में एडीएम श्री सुमित पांडेय ने मंगलवार को जिले से जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया। जनसुनवाई में आए नागरिकों से 153 आवेदन प्राप्त हुए। इस मौके पर एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एडीएम श्री पांडेय ने जनसुनवाई में आए हर एक आवेदक से धैर्यपूर्वक उनकी समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशील रूख अपनाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

मतलब जो प्रतिवेदन पिछले मंगलवार, उससे पिछले मंगलवार, उससे पिछले मंगलवार, मतलब साल के 52 में से लगभग 30-35 मंगलवार को भेजा गया था। आज उसमें केवल नंबर (153) का संशोधन किया गया है बाकी सब कुछ कॉपी पेस्ट है। प्रत्येक मंगलवार को प्रेस को भेजे जाने वाले प्रतिवेदन में लिखा होता है कि, "इस दौरान अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया", लेकिन जब पूछो कि कोई तो एक समाधान ऐसा हुआ होगा जिसका उल्लेख किया जाना चाहिए, कृपया उसका विवरण दीजिए। तो कोई रिप्लाई नहीं आता, आश्वासन भी नहीं आता। 
कुल मिलाकर आज दिनांक 22 सितंबर 2026 मंगलवार को एक बार फिर जनसुनवाई की औपचारिकता पूरी हुई। 153 लोग आए और एक को भी समाधान नहीं मिला।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!