भोपाल समाचार, 16 सितंबर 2026: भोपाल के लोग 2-3 दिसंबर 1984 की वो रात कभी नहीं भूल सकते। उसी त्रासदी को अब लंदन के प्रतिष्ठित Bush Theatre के मंच पर एक नए नाटक के रूप में पेश किया जा रहा है। नाटक का नाम है Darkling. यह एक लड़की की जिंदगी की कहानी है, जिसे भोपाल गैस कांड ने हमेशा के लिए बदल दिया। नाटक में भोपाल को सिर्फ एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि एक जीवित घाव के रूप में दिखाया गया है।
कहानी एक युवा दलित लड़की की है
जो अपने पिता और बहन के साथ झीलों वाले शहर में रहती है। आसमान नीला है, जीवन साधारण है। फिर शहर के ऊपर एक विशाल फैक्ट्री उठती है। बेहतर जीवन का वादा किया जाता है। उसके बाद वो रात आती है, जो सब कुछ तोड़ देती है। नाटक की शुरुआत इन्हीं पंक्तियों से होती है:
“Bhopal. India. 1984.
I walk home. The skyline is changed.
The skeleton is fast becoming a huge metal creature.
They have built a behemoth here.”
लेखक Titas Halder ने पूरी आपदा को आंकड़ों में नहीं, बल्कि एक परिवार और एक लड़की की आंखों से लिखा है। निर्देशक Matthew Xia कहते हैं कि त्रासदी अभी खत्म नहीं हुई है। पानी अभी भी जहरीला है, हवा अभी भी जहरीली है और बाद की पीढ़ियों में शारीरिक विकृतियां पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में चेरनोबिल की तुलना में भोपाल पर बहुत कम बात हुई, जबकि यह उससे पहले की और उससे बड़ी औद्योगिक आपदा थी।
नाटक में यूनियन कार्बाइड के प्लांट से करीब 32 टन जहरीली गैस लीक होने का जिक्र है। मौतों की सही संख्या कभी पूरी तरह सामने नहीं आई और मदद समय पर नहीं पहुंची। नाटक जाति, गरीबी, वर्ग और कॉर्पोरेट लालच के साथ पर्यावरणीय अन्याय को भी उठाता है। निर्देशक के अनुसार इसकी सबसे बड़ी थीम आशा है। लड़की अपनी परिस्थितियों को भाग्य मानकर स्वीकार नहीं करती।
मुख्य भूमिका में Linnea Berthelsen हैं, जो नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय सीरीज Stranger Things में Kali के रोल से जानी जाती हैं। यह उनकी ब्रिटेन में पहली स्टेज भूमिका है। वे अकेले मंच पर 90 मिनट तक बचपन से परिपक्व उम्र तक का सफर निभाती हैं। आलोचकों ने उनकी प्रस्तुति को शक्तिशाली और भावुक बताया है।
यह प्रोडक्शन Bush Theatre और Actors Touring Company का संयुक्त प्रयास है। Bush Theatre के नए आर्टिस्टिक डायरेक्टर Taio Lawson के पहले सीजन का यह हिस्सा है। Actors Touring Company के आर्टिस्टिक डायरेक्टर स्वयं Matthew Xia हैं। नाटक को Cockayne Grants for the Arts, Royal Victoria Hall Foundation समेत कई संस्थाओं का सहयोग मिला है।Darkling लंदन के Bush Theatre में 5 सितंबर से 24 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। इसके बाद यह बर्मिंघम, ऑक्सफोर्ड और मैनचेस्टर का दौरा करेगा। अवधि डेढ़ घंटे है। आयु सीमा 14 वर्ष से ऊपर रखी गई है।
भोपाल के लिए यह नाटक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 40 साल बाद भी गैस पीड़ित न्याय और साफ पर्यावरण की लड़ाई लड़ रहे हैं। लंदन के मंच पर यह कहानी उन दर्शकों तक पहुंच रही है, जिनके लिए भोपाल सिर्फ इतिहास की किताब का एक पन्ना हो सकता था। नाटक उसी पन्ने को फिर से दिल तक ले जा रहा है।

