7500 Gen-Alpha को सरकार की तरफ से स्कूटी मिलेगी, मध्य प्रदेश के मेरिट होल्डर्स हैं

Updesh Awasthee
भोपाल, 13 सितंबर 2026:
यदि किसी को मध्य प्रदेश में स्कूलों की हालत घटिया और शिक्षकों की कमी दिखाई देती है तो गौरवान्वित करने वाला यह चित्र भी दिखाई देना चाहिए। मध्य प्रदेश सरकार उन विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने जा रही है जिन्होंने सरकारी स्कूल में पढ़ाई करते हुए 12वीं में 70% से अधिक अंक प्राप्त किए। इनकी संख्या 100-200 नहीं है, 7500 से अधिक है, और यह सभी मध्य प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर हैं। 

राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल में

मध्य प्रदेश शासन की ओर से बताया गया है कि, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, दिनांक 16 सितंबर को मध्य प्रदेश के उन विद्यार्थियों से मिलने जा रहे हैं, जिन्होंने सरकारी स्कूल में पढ़ाई करते हुए, कक्षा 12 में 70% से अधिक अंक प्राप्त किए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवाजी नगर, में सुबह 10 बजे से होगा। इस दिन मध्य प्रदेश के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से सभी को इलेक्ट्रिक स्कूटी दी जाएगी, ताकि उच्च शिक्षा के लिए, कॉलेज जाने के लिए उन्हें सुविधा रहे। ऐसे विद्यार्थियों की संख्या 7500 से अधिक है। 

अब तक 23000 विद्यार्थियों को प्रोत्साहन

स्कूल शिक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी श्री सुनील वर्मा ने बताया कि, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना अंतर्गत अब तक प्रदेश के 23,000 से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक लगभग 246 करोड़ रूपये खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना मेधावी विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के साथ ही आगे की पढ़ाई के लिए सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ रहा है और उच्च शिक्षा की ओर उनकी भागीदारी को मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!