भोपाल, 27 जुलाई 2026: किराना का सामान लेकर दिल्ली से भोपाल आ रहे एक कंटेनर ट्राला को ग्वालियर क्षेत्र में डकैतों की एक गैंग द्वारा सड़क पर रोक कर रंगदारी मांगी गई। नहीं देने पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके ट्राला के सभी 12 टायर ब्लास्ट कर दिए। तभी अचानक पुलिस आ गई और डकैती फरार हो गए लेकिन अब नेशनल हाईवे पर दहशत का माहौल है।
व्हाइट कलर की बिना नंबर की बोलेरो में बैठकर आए थे डकैती
ट्रक ड्राइवर घनश्याम गुर्जर उम्र 24 वर्ष, पिता का नाम चंदर सिंह गुर्जर, नजीराबाद भोपाल के रहने वाले हैं। वह अपने हेल्पर चेतराम तोमर के साथ कंटेनर (RJ11-GB8882) में दिल्ली से किराना का सामान लादकर भोपाल आ रहे थे। रविवार शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही उनका कंटेनर ग्वालियर जिले में घाटीगांव थाना क्षेत्र के एबी रोड स्थित सिरसा से आगे 'सिंघाईगढ़ा' के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक बिना नंबर सफेद रंग की बोलेरो तेज रफ्तार में आई। बोलेरो चालक ने कंटेनर को कट मारकर आगे गाड़ी अड़ा दी और रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया।
डकैतों ने नेशनल हाईवे पर सबके सामने फायरिंग की
कंटेनर रुकते ही बोलेरो में से तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाश नीचे उतरे। आरोपियों के हाथों में राइफलें थीं, जिन्हें देखकर चालक घनश्याम और हेल्पर चेतराम दहशत में आ गए। बदमाशों ने सीधे चालक पर बंदूक तान दी और हाईवे पर गाड़ी निकालने के एवज में रंगदारी (गुंडा टैक्स) की मांग की। चालक घनश्याम ने जब हिम्मत दिखाते हुए रंगदारी देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने धमकी दी कि 'अगर इस सड़क पर गाड़ियां चलानी हैं, तो हमें रंगदारी देनी ही पड़ेगी।' इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और एक-एक कर कंटेनर के पूरे 12 टायरों पर राइफल से फायर कर उन्हें ब्लास्ट कर दिया। वह तो किस्मत अच्छी थी कि अचानक एक पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए आई। सायरन की आवाज सुनकर डकैत गिरोह कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। खौफजदा चालक घनश्याम ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घाटीगांव थाना पुलिस और 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद पीड़ितों को थाने भिजवाया।
ग्वालियर में नेशनल हाईवे पर डकैत कल्ली गुर्जर का आतंक
लोकल के लोगों ने बताया कि यह डकैत कल्ली गुर्जर का गिरोह है। कल्ली गुर्जर ग्राम वरवासिन, थाना देवगढ़, जिला मुरैना का रहने वाला है। इस पर 30 हजार रुपए का नकद इनाम भी घोषित है। लोगों का कहना है कि काफी समय से वह अपने साथियों के साथ हाइवे पर गुंडागर्दी कर रहा है। घाटीगांव थाना पुलिस ने पीड़ित चालक घनश्याम की लिखित शिकायत पर नामजद आरोपी कल्ली गुर्जर और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ रंगदारी मांगने, जानलेवा हमला करने, आर्म्स एक्ट और तोड़फोड़ की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। यहां उल्लेख करना अनिवार्य के घाटीगांव क्षेत्र पहले भी इस प्रकार की डकैत गतिविधियों के लिए बदनाम रहा है।

.webp)