भोपाल, 19 जून, 2026: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) का आयोजन 21 जून 2026 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। भोपाल कलेक्टर कार्यालय द्वारा अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा दिवस की समय-सारिणी, प्रवेश प्रक्रिया तथा निर्धारित नियमों का गंभीरता से पालन करें।
Taking NEET in Bhopal? Collector’s Office Has Released Important Instructions You Should Not Miss
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं फ्रिस्किंग की प्रक्रिया प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगी और दोपहर 1:30 बजे तक जारी रहेगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय भी दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि पात्र दिव्यांगजन (PwBD) अभ्यर्थियों को स्वीकृत 65 मिनट के प्रतिपूरक समय सहित परीक्षा सायं 6:20 बजे तक संचालित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र की मूल प्रिंट प्रति, एक वैध फोटो पहचान पत्र, दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ तथा प्रवेश पत्र पर निर्धारित प्रारूप में चिपकाई गई पोस्टकार्ड आकार की फोटो अनिवार्य रूप से लानी होगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर फ्रिस्किंग, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, पुस्तकें, नोट्स, लिखित सामग्री, हैंडबैग, पर्स, आभूषण, कैमरा, रिकॉर्डिंग उपकरण, खाद्य सामग्री तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। उत्तर अंकन के लिए आवश्यक बॉल प्वाइंट पेन परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। हल्के रंग के साधारण वस्त्र पहनने तथा मोटे कपड़ों, बड़े बटन, अधिक जेबों वाले परिधानों, आभूषणों, घड़ियों, बेल्ट एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं से परहेज करने की सलाह दी गई है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा या विलंब से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्र का स्थान एवं पहुंच मार्ग पूर्व में सुनिश्चित करने तथा संभव हो तो एक दिन पहले परीक्षा केंद्र का भ्रमण कर लेने की सलाह दी गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न करें।
समाचार क्रमांक/558/06-26/066 - विजय/अरुण शर्मा।

.webp)