किसानों के लिए गुड न्यूज़: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की घोषणा के तत्काल बाद आदेश जारी - VIDEO NEWS

Updesh Awasthee
भोपाल, 05 मई 2026:
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए गुड न्यूज़ है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज उज्जैन में एक घोषणा की और भोपाल से तत्काल आदेश जारी हो गए। डॉ मोहन यादव ने आज उज्जैन में एक गेहूं उपार्जन केंद्र का अचानक दौरा किया। सामान्य तौर पर इस तरह के दौरों में फिल्म "नायक" टाइप कार्रवाई की जाती है। जो दिखता है उसको सस्पेंड कर दिया जाता है। लेकिन डॉक्टर यादव समस्याओं को समझ रहे हैं और उनको दूर कर रहे हैं। 

उज्जैन में वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने का फैसला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 मई को उज्जैन की सेवा सहकारी संस्था दताना के नागझिरी स्थित अडानी एग्रो साइलो उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने यहां केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुविधा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने का भी फैसला किया। वेयरहाउस की क्षमता बढ़ने से गेहूं को बेमौसम बारिश से बचाया जा सकेगा। इससे पहले सीएम डॉ यादव शाजापुर और खरगोन में भी गेहूं उपार्जन का आकस्मिक दौरा कर चुके हैं। 

राजधानी में सीएम हाउस से कंफर्मेशन, मंत्रालय से आदेश जारी

सीएम हाउस की ओर से बताया गया है कि, रबी विपणन वर्ष 2026-27 में भारत सरकार द्वारा 100.00 लाख मे.टन गेहॅू उपार्जन के संशोधित लक्ष्‍य को देखते हुए, जिन जिलों में शार्टफॉल की स्थिति परिलक्षित हो रही है, वहॉ के कृषकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए, गोदामों की लाइसेन्‍सी क्षमता का 120 प्रतिशत तक उपयोग करने का निर्णय लिया गया है, जिससे कृषकों की उपज का तत्‍काल भंडारण सुनिश्चित किया जा सके। उक्‍त के अतिरिक्‍त अन्‍य जिलों में भी यदि शार्टफॉल की स्थिति परिलक्षित होती है तो उक्‍तानुसार गोदाम क्षमता का 120 प्रतिशत तक उपयोग करने हेतु अनुमति दी जावेगी। 

किसानों को 7 दिन के अंदर भुगतान भी हो रहा है

उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैं यहां गेहूं उपार्जन केंद्र पर आया हूं। हमने पूर्व में घोषित किया है कि गेहूं खरीदी को लेकर पूरे प्रदेश में स्लॉट बुकिंग की तारीख बढ़ाई है। गेहूं उपार्जन लगातार चल रहा है। मुझे बताया गया है कि हर जगह हमारी खरीदी सहज और सामान्य हुई है, लेकिन फिर भी आकस्मिक दौरे लगाकर हमने किसानों के साथ अपनी भावना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि अब नियमित अंतराल से सात दिन के अंदर भुगतान भी हो रहा है। इस बीच लोगों का माल ढुलाई का काम भी चल रहा है। ऐसी परिस्थिति में तौल कांटे भी बढ़वाए गए हैं। सरकार ने सुविधाएं भी बढ़ाई हैं। 

किसानों को मिलें सभी सुविधाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे बताया गया था कि वेयरहाउस के अंदर अगर क्षमता बढ़ा दें, तो बारिश के मौसम में काफी लाभ होगा। आज हमने वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने के ऑर्डर भी निकाल दिए हैं। किसानों को किसी प्रकार की कोई तकलीफ नहीं होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार यह साल किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। हमारा प्रयास है कि किसानों को सब प्रकार की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि अभी तक मेरी जानकारी में सरकार ने कल तक 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया है। हम अपनी कैपेसिटी और बढ़ा सकते हैं। मैं किसान भाइयों से कहना चाहता हूं कि अपने क्षेत्र के तौल कांटे पर जाकर प्रक्रिया में भागीदार बनें। इस दौरान कोई भी कष्ट होने पर जिला प्रशासन से संपर्क करें। जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूप की स्थापना की है। हम गेहूं उपार्जन की रोज मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गेहूं के साथ चना और मसूर की खरीदी भी चल रही है। 
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!