भोपाल, 15 मई 2026: प्राथमिक जांच और बयान के बाद भोपाल पुलिस ने ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले में उसकी सास एवं रिटायर्ड जज और वकील पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीपी रजनीश कश्यप कौल ने बताया कि मां-बेटे के खिलाफ हत्या, दहेज के लिए प्रताड़ित करने सहित अन्य धाराओं में केस बनाया गया है। मामला दर्ज होते ही दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए किसी अज्ञात स्थान पर चले गए हैं। पुलिस का कहना है कि वह संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
दरअसल, 12 मई की रात कटारा हिल्स इलाके में 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शव के हाथ और कान पर चोट के नीले निशान मिले हैं। ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब एक साल पहले समर्थ से हुई थी। ट्विशा का भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर है।
ट्विशा के परिजन, आरोपी ससुरालवालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार रात भोपाल के कटारा हिल्स थाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी और थाने का मेन गेट बंद कर दिया। उधर, पुलिस का कहना है कि स्टाफ उस वक्त बयान दर्ज करने और जांच में जुटा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान दर्ज होने के बाद ही किसी तरह की कानूनी कार्रवाई संभव थी।
इसके बाद गुरुवार को भी ट्विशा परिजन, रिश्तेदार और परिचित तख्तियां लेकर महिला थाने पहुंचे थे। यहां प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई की मांग दोहराई थी।
पति समर्थ पर सबूत मिटाने का आरोप
परिजन ने ट्विशा के पति समर्थ पर हत्या करने और सबूत मिटाने के आरोप लगाए हैं। भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे तक थाने के बाहर खड़े रहे लेकिन किसी पुलिस अधिकारी ने उनसे बात तक नहीं की। समर्थ वकील है और उसकी मां रिटायर्ड जिला जज है। उनके रसूख के कारण ही पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।
ट्विशा के परिजन ने उसका अंतिम संस्कार नहीं किया था। उनकी मांग थी कि जब तक प्रकरण दर्ज नहीं होगा, बेटी को अंतिम विदाई नहीं देंगे।

.webp)