BHOPAL में 11वीं की छात्रा ने सुसाइड किया, ऐशबाग थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन

Updesh Awasthee
भोपाल, 15 मई 2026:
शहर के ऐशबाग इलाके में कक्षा 11 में पढ़ने वाली 17 वर्ष की एक लड़की ने अपने ही घर में सुसाइड कर लिया। परिवार वालों का कहना है कि, छोला थाना क्षेत्र के दो लड़के उसको ब्लैकमेल कर रहे थे। सोशल मीडिया से उसकी फोटो लेकर AI की मदद से एडिट किया और फिर वायरल करने की धमकी दे रहे थे। पुलिस को बताया गया था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके कारण उनकी हिम्मत बढ़ गई थी। लड़की के पिता बिट्टन मार्केट में दुकानदार हैं। 

Bhopal News: Demonstration Erupts Outside Aishbagh Police Station After Student Suicide

ऐशबाग टीआई संदीप पवार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घरवालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। मृतक छात्रा ऐशबाग इलाके में परिवार के साथ रहती थी। उसके पिता बिट्टन मार्केट में कपड़े की दुकान चलाते हैं। वह परिवार की बड़ी बेटी थी। घरवालों का आरोप है कि छोला क्षेत्र में रहने वाला एक युवक और उसका साथी छात्रा को लंबे समय से परेशान कर रहे थे।

चाचा के मुताबिक, आरोपियों ने सोशल मीडिया से छात्रा की तस्वीरें लेकर एआई की मदद से अश्लील फोटो तैयार किए थे। इन्हें वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर वे छात्रा पर दबाव बनाते थे। परिवार का दावा है कि आरोपियों ने छात्रा के पिता से भी बदसलूकी की थी, लेकिन बदनामी के डर से पहले पुलिस में शिकायत नहीं की गई। 

परिजनों का कहना है कि दोनों आरोपी छात्रा पर मिलने का दबाव बनाते थे और स्कूल आते-जाते उसका पीछा करते थे। परिवार का दावा है कि छात्रा की आरोपियों से कभी सीधी मुलाकात तक नहीं हुई थी और सोशल मीडिया से तस्वीरें लेकर उन्हें एडिट किया गया।

बहन को बाहर भेजकर कमरे में लगाई फांसी
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात छात्रा सामान्य थी। उसने छोटी बहन को सामान लेने के बहाने बाहर भेजा। इसी दौरान उसने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। छोटी बहन लौटकर आई तो छात्रा को फंदे पर लटका देखा। परिवार ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन
पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार दोपहर परिजन शव लेकर सीधे ऐशबाग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को आरोपियों के नाम और ब्लैकमेलिंग की जानकारी देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!