CM Mohan Yadav ने कहा: कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी थी, लेकिन राहुल गांधी के कारण साफ होती जा रही है

Updesh Awasthee
भोपाल/रतलाम
। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने नेता प्रतिपक्ष पद का मान घटा दिया है। इस बात पर शर्म आती है। उनकी मानसिकता से देश को खतरा है। राहुल अपनी हार की खीझ सुप्रीम कोर्ट, सेना और चुनाव आयोग का अपमान कर निकाल रहे हैं। देश की सबसे बड़ी पार्टी रही कांग्रेस अपने कुकर्मों की वजह से पूरे देश से साफ होती जा रही है। जनता राहुल और कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात 17 अगस्त को रतलाम जिले में कही। वे रतलाम के कुण्डाल में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने रतलाम को 247 करोड़ रूपये के 56 विकास कार्यों की सौगात दी। 

मध्य प्रदेश में भाजपा का उदय और विस्तार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमारी पार्टी बीजेपी है। विश्व की सारी पार्टियां एक तरफ और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी एक तरफ। इसी भूमि से एक कार्यकर्ता खड़ा होता है, जो राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का प्रचारक बनता है। फिर, नाम पाता है कुशाभाऊ ठाकरे। उन्होंने अपनी मेहनत अपने कर्मों से क्या संगठन खड़ा किया। उन्होंने ऐसा संगठन खड़ा किया कि पूरे देश में नगर पालिका कहीं जीती तो मध्यप्रदेश में जीती, सरकारें बनीं तो मध्यप्रदेश में। हमारे ही राज्य से भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने देश-दुनिया को बताया कि भाजपा का कार्यकर्ता कैसे काम करता है। उनके एक-एक निर्णय से पता चलता है कि उनमें कितनी गंभीरता और गहराई थी। जब वे विपक्ष में भी थे तो क्या दहाड़ते थे।

नेता प्रतिपक्ष ने घटा दिया पद का मान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी ने दिखाया कि विपक्ष का नेता कैसा होना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र में विपक्ष का कद बढ़ाया। लेकिन, बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि आज वर्तमान के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और स्व. वाजपेयी की तुलना करने में शर्म आती है। पता नहीं कांग्रेस को क्या हो जाता है। राहुल गांधी अपने कर्मों के कारण चुनाव हारते हैं। सरकार वो नहीं चला पाते, तो खीझ मिटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, सेना  का अपमान करते हैं। पता नहीं आखिर राहुल गांधी क्या चाहते हैं। जिन बातों से लोकतंत्र गौरवांवित होता है, वो सब पर प्रश्न उठाते हैं। उनको जनता माफ नहीं करेगी। कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी थी, लेकिन कुकर्मों के कारण, व्यवहार के कारण धीरे-धीरे ये साफ होती जा रही है। उसके बावजूद राहुल गांधी हैं कि मानते ही नहीं। वो अभी भी उसी रास्ते पर चल रहे हैं। उनकी मानसिकता से देश को खतरा है। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!