BHOPAL NEWS- भारत-पाक मैच जैसी रोचक होती जा रही है दिग्विजय vs रामेश्वर राम धुन प्रतियोगिता

भोपाल
। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच राम धुन की प्रतियोगिता मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉलिटिकल कॉर्नर पर हॉट केक हो गई है। मामला यदि थोड़ा और गर्म होता तो क्रिकेट मैच की तरह इस प्रोग्राम पर भी सट्टे लग जाते। सब अपने-अपने आंकड़ों के हिसाब से दावे कर रहे हैं कि 24 तारीख को दोनों नेताओं में से कौन जीतेगा। क्या दिग्विजय सिंह की गांधीगिरी के बाद रामेश्वर शर्मा अपने बयान के लिए माफी मांगेंगे या फिर दिग्विजय सिंह की सुपर फास्ट बॉल को स्टेडियम के बाहर उड़ा देंगे।

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के घुटने तोड़ने वाला वीडियो वायरल होने के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस के दूसरे सबसे बड़े नेता दिग्विजय सिंह ने ऐलान किया था कि वह हिंसा का जवाब हिंसा से देने के लिए 24 तारीख को विधायक रामेश्वर शर्मा के घर के सामने 1 घंटे तक राम धुन करेंगे। बॉल सुपरफास्ट आई थी और रामेश्वर शर्मा के क्लीन बोल्ड हो जाने के पूरे चांस थे परंतु विधायक रामेश्वर शर्मा ने बॉल की लाइन लेंथ समझ कर समय रहते बल्ला घुमा दिया। 

रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के स्वागत का ऐलान कर दिया। इतना ही नहीं दिग्विजय सिंह एवं उनके साथ आने वाले सभी नागरिकों के चाय नाश्ते का भी इंतजाम कर रहे हैं। रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के स्वागत के लिए द्वार सजा दिया है। यानी यदि किसी को पर्दे के पीछे की कहानी पता ना हो तो फोटो और वीडियो देखकर ऐसा लगेगा जैसे रामेश्वर शर्मा के कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह भजन सुना रहे हैं। 

दिग्विजय सिंह ने अपना कार्ड अभी तक नहीं खोला है। हालांकि मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह को राजनीति का चाणक्य कहते हैं। सभी जानना चाहते हैं कि दिग्विजय सिंह 24 नवंबर को रामेश्वर शर्मा के घर जाएंगे या नहीं और यदि जाएंगे तो क्या करेंगे। कुल मिलाकर बॉल फिलहाल आसमान में है। स्टेडियम के पास जाएगी या कैच कर ली जाएगी कल पता चलेगा। वैसे इस तरह की राजनीति मध्य प्रदेश को काफी सूट करती है। पॉलिटिक्स में क्रिएटिविटी ही मध्यप्रदेश की पहचान है। भोपाल की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया BHOPAL NEWS पर क्लिक करें.

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !