इज्जत नहीं लूट पाया तो मंगलसूत्र लूट ले गया, माॅर्निंगवाॅक के समय हुई घटना - JABALPUR NEWS

जबलपुर।
 मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सुबह टहलने निकली 52 वर्षीय महिला के साथ एक युवक ने रेप की कोशिश की। विरोध करने पर उसने महिला के सिर पर डंडे से मार कर घायल कर दिया। महिला अर्द्धबेहोशी की हालत में भी आरोपी का प्रतिरोध करती रही। दांत से आरोपी के हाथ को जोर से काटा। आरोपी महिला का मंगलसूत्र छीन कर फरार हो गया। महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घमापुर पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर पहले लूट और बाद में छेड़छाड़ की धारा बढ़ाई है। जानकारी के अनुसार विद्यानगर निवासी 52 वर्षीय पीड़िता सुबह टहलने निकली थी। वह रोज की तरह पाटबाबा मंदिर तक टहलने गई थी। आज सुबह बहुत कोहरा था। जीसीएफ फैक्ट्री की बाउंड्री से लगी रोड के दोनों ओर जंगल है। पीड़ता के मुताबिक वह पाटबाबा से घर लौट रही थीं। उसी दौरान 18 से 20 वर्षीय एक युवक कुछ दूरी बनाकर पीछे-पीछे आने लगा।

रेप करने के लिए चेहरे पर कोरोना वाला मास्क लगाकर आया था

पीड़िता के मुताबिक घर से 300 मीटर पहले 72 क्वार्टर के खंडर के सामने वह पहुंची थी। तभी युवक पीछे से आया और उसका मुंह व आंखें बंद कर झाड़ियों की ओर खींच ले गया। वहां उसके साथ रेप का प्रयास किया। महिला ने प्रतिरोध किया तो उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। आरोपी चेहरे पर मास्क बांध रखा था। सिर पर चोट की वजह से वह अर्द्धबेहोशी की हालत में जाने लगी। महिला के मुताबिक वह आरोपी को बेटे के समान बोलते हुए गलत न करने की गुहार लगाती रही। फिर उसके हाथ में जोर से काटा, तो वह मंगलसूत्र छीन कर भाग गया। महिला कुछ देर बाद बेहोश हो गई।  
  
महिला को रोड किनारे बेहोश देखकर उसी कॉलोनी के एक व्यक्ति ने उसके जीसीएफ में कार्यरत पति को खबर दी। इसके बाद पीड़िता को निजी अस्पताल ले गया। वहां होश आने पर सुबह 10.30 बजे के लगभग पीड़िता ने पति को आपबीती सुनाई। इसके बाद अस्पताल से घमापुर पुलिस को सूचना दी गई। अस्पताल में एसआई राजरानी ने महिला का बयान दर्ज किया। टीआई भरत श्रीवास्तव के मुताबिक प्रकरण में लूट व छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है।

महिला के साथ रेप का प्रयास और लूट मामले में एसपी ने क्राइम ब्रांच और घमापुर थाने की तीन टीमें गठित की है। चारों टीम को इस क्षेत्र में सक्रिय आरोपी के हुलिए से मिलते-जुलते संदेहियों से पूछताछ के निर्देश दिए। पीड़िता ने पुलिस को बयान में बताया कि आरोपी का चेहरे पर मास्क था। इस कारण से वह आरोपी को पहचान तो नहीं पाई, लेकिन उसकी उम्र 20 से अधिक नहीं रही होगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !