भोपाल का नया मास्टर प्लान तैयार, सीएम कमलनाथ ने दिया ग्रीन सिग्नल | BHOPAL NEWS

Bhopal master plan 2031


भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का नया मास्टर प्लान तैयार हो गया है। सीएम कमलनाथ ने भी इसे ग्रीन सिग्नल दे दिया है। याद दिला दें कि इससे पहले 1995 में भोपाल का मास्टर प्लान बना था। 25 साल बाद नया मास्टर प्लान तैयार हुआ है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री जयवर्धन सिंह ने बताया कि आगामी 1 सप्ताह के भीतर भोपाल का नया मास्टर प्लान पब्लिश कर दिया जाएगा। प्लान के प्रकाशन के बाद आम जनता इसकी समीक्षा कर सकती है और इस पर अपने दावे व आपत्ति दाखिल कर सकती है। भोपाल का नया मास्टर प्लान 2031 के लिए बनाया गया है।

दिल्ली एनसीआर के तर्ज पर भोपाल का विकास होगा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नए मास्टर प्लान में शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों और उपनगरों के विकास पर जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ की मौजूदगी में इस नए मास्टर प्लान का प्रजेंटेशन दिया गया। नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने मीटिंग में यह मास्टर प्लान सीएम के सामने पेश किया। इससे पहले जब भोपाल का मास्टर प्लान बना था तब भी कांग्रेस की सरकार थी और दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे। अब उनके बेटे जयवर्धन सिंह नगरीय प्रशासन मंत्री हैं।

भोपाल को सुरक्षित रखना है तो भोपाल में कई नए शहर बनाने पड़ेंगे: मुख्यमंत्री कमलनाथ

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मास्टर प्लान की मीटिंग शुरू होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि भोपाल शहर में आबादी का बोझ बढ़ा है। भोपाल बढ़ती आबादी का बोझ उठा सके इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। भोपाल शहर के विकास की रूपरेखा इसी मास्टर प्लान के आधार पर तय की जाएगी। 2 फ्लोर से तीन फ्लोर बना दें यह पुरानी बात है। अब अर्बनाइजेशन नहीं बल्कि सबअर्बनाइजेशन की बात करनी होगी। भोपाल को और बड़े शहरों को सुरक्षित रखना है और उसी को मद्देनजर हम मास्टर प्लान बनाएंगे।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !