झाबुआ चुनाव के बाद कमलनाथ ने कहा: आइए गिराइए हमारी सरकार | MP NEWS

भोपाल। सीएम कमलनाथ ने झाबुआ विधानसभा उपचुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी पर पहली बार करारा तंज कसा है। चुनाव के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि आप यहां भाजपा को जीत आइए वहां में मुख्यमंत्री बदल दूंगा। नतीजे आने के बाद सीएम कमलनाथ ने कहा कि ये हर हफ़्ते कहते थे सरकार गिरा देंगे लेकिन 10 महीने हो गए ये कुछ नहीं कर पाए। हम तो कहते हैं- आइए गिराइए हमारी सरकार।

जनता से किया एक-एक वादा निभाएंगे

सीएम कमलनाथ ने कहा झाबुआ की जनता ने भाजपा के झूठ, फरेब, जुमलों को नकारकर कांग्रेस की रीति-नीतियों और कांग्रेस सरकार के जनहित के कार्यों पर मुहर लगायी है। यह झाबुआ की जनता की ओर से दिया गया दीपावली का तोहफ़ा है। उन्होंने कहा हमने चुनाव में जनता से किए सभी वादे पूरे करेंगे। हम झाबुआ की तस्वीर बदलेंगे, यह हमारा संकल्प है। इस जीत ने हमें और मज़बूती प्रदान की है। जनता के विश्वास पर खरे उतरकर हम और ताक़त से प्रदेश में विकास की गंगा बहाएंगे। जनता से किए एक-एक वादे को पूरा करना हमारा वचन है। उसे हम हर हाल में निभाएंगे। 

सर्वे पर सवाल

सीएम कमलनाथ ने मध्य प्रदेश सहित महाराष्ट्र और हरियाणा में कांग्रेस के परफॉर्मेंस पर कहा कि मीडिया के सर्वे गलत और जनता का फैसला सही साबित हुआ। हम जिस रास्ते पर चल रहे हैं उस पर चलते रहेंगे। प्रदेश में विकास का नया नक्शा, नया इतिहास बनाएंगे। नौजवानों का भविष्य सुरक्षित करना हमारा लक्ष्य है। कृषि में क्रांति लाने और आर्थिक गतिविध बढ़ाने की कोशिश करेंगे। 

कलाकारी की राजनीति से हम दूर

सीएम कमलनाथ ने कहा हम कलाकारी और झूठ-फरेब की राजनीति से दूर हैं। महाराष्ट्र का परिणाम देखिए। एग्ज़िट पोल जिसने भी किया ये परिणाम उनके लिए भी है। सरकार के प्रति निष्ठा और ग़ुलामी ठीक नहीं। हमारे देश की जनता समझदार है। कमलनाथ ने कहा हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाने का प्रयास करेंगे। 

लोकसभा चुनाव से तुलना

सीएम ने चुनाव परिणाम की लोकसभा चुनाव परिणाम से तुलना की। उन्होंने कहा जहां पार्टी 25 हज़ार वोट से हारी थी वहां हम उतने ही वोट से जीते। ये हर हफ़्ते कहते थे सरकार गिरा देंगे लेकिन 10 महीने हो गए ये कुछ नहीं कर पाए। हम तो कहते हैं- आइए गिराइए हमारी सरकार।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !