शत्रुघ्न सिन्हा: कांग्रेस ज्वाइन करते ही टिकट मिला, अमित शाह पर हमला | NATIONAL NEWS

नई दिल्ली। भाजपा के शत्रुघ्न सिन्हा अब कांग्रेसी हो गए। आज सुबह उन्होंने विधिवत कांग्रेस ज्वाइन की ओर दोपहर में उन्हे उनकी अपनी सीट पटना साहिब से कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल, पार्टी के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल की मौजदूगी में कांग्रेस की सदस्यता ली। इससे पहले वो राहुल गांधी से मुलाकात कर चुके हैं। 

अमित शाह तो वहां भी पुल का वादा कर देते हैं जहां नदी ही नहीं होती

अमित शाह के वादों पर शत्रुघ्न सिन्हा ने भोजपुरी में वार किया। उन्होंने कहा कि वो आपको कहेंगे यहां नदियों नाही हुजूर तो कउनो बात नाही, पुलिया ले ला नदिया के का बा। नदिया तो कभियो आई कभियो जाई, नदिया तो टेंपरोरी रही पुलिया तो परमानेंट रही ना। रख ला पुल और बन जा फूल एक तरह से। शत्रुघ्न सिन्हा ने जो बोला उसका मतलब है कि अमित शाह तो बड़े-बड़े वादे करते हैं। वह तो वहां भी पुल बनाने का वादा कर देते हैं, जहां नदी नहीं होती है।

बीजेपी से सवाल पूछो तो थेथरई की जाती है

बीजेपी पर अपनी भड़ास निकालते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि एक तो मौजूदा सरकार ने कोई ढंग का काम नहीं किया और जब उनसे काम के बारे में पूछा जाता है तो जवाब में थेथरई की जाती है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मौजूदा बीजेपी में विरोधियों को दुश्मन की नजर से देखा जाने लगा है जबकि आडवाणी जी ने कहा है कि आपका राजनीतिक विरोधी आपका दुश्मन नहीं होता है। वो भी देश के हित में ही बात करता है।

5 साल में भाजपा की कद्दावर शख्सियतों को निपटा दिया गया

कांग्रेस में शामिल होने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि नवरात्र के मौके पर वे कांग्रेस में शामिल हुए हैं और इस मौके पर कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मौके पर अपनी राजनीतिक जीवन यात्रा में शामिल सभी लोगों को शुभकामनाएं दी। शत्रुघ्न सिन्हा ने नरेंद्र मोदी, अमित शाह पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी में उन्होंने लोक शाही को धीरे-धीरे तानाशाही में परिवर्तित होते देखा। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मौजूदा बीजेपी नेतृत्व ने यशवंत सिन्हा, मुरली मनोहर जोशी, अरुण शौरी जैसे कद्दावर शख्सियतों को निपटा दिया गया।

भाजपा सरकार में मंत्री को अपना सचिव रखने तक की आजादी नहीं है

शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मौके पर अपने दिल में दबे दर्द को भी बयां किया। शत्रुघ्न सिन्हा ने पूछा कि आखिर बीजेपी सरकार में उन्हें मंत्री क्यों नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि क्या उनके अंदर काबिलियत नहीं। उनके अंदर क्या कमी थी। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बीजेपी में इस वक्त तानाशाही सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि ये वन मैन शो और टू मैन आर्मी की सरकार है। शत्रु ने कहा कि केंद्र के मंत्रियों को अपना सचिव रखने की इजाजत रखने की नहीं थी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !