
उपनगर ग्वालियर निवासी 28 वर्षीय महिला को अक्टूबर 2017 में दोस्तों और रिश्तेदारों से पता लगा कि उसकी फेसबुक अकाउंट पर उसका अश्लील फोटो डाला हुआ है। साथ ही फोटो पर फॉलोअर से अश्लील कमेंट्स मांगे गए हैं। जब यह बात कई लोगों से महिला तक पहुंची तो उसने अपना फेसबुक चलाना चाहा, लेकिन वह नहीं चल पाया।
इसके बाद महिला ने अन्य किसी के फेसबुक अकाउंट पर आकर अपने नाम की आईडी को सर्च किया तो पूरी घटना का पता लगा। इसके बाद उसी समय महिला ने सायबर सेल में आवेदन दिया था। इसके बाद सायबर पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू की तो आईपी एड्रेस व कैफे के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही। आरोपी भिंड गल्ला मंडी निवासी राजकिरन शिवहरे पुत्र नारायण शिवहरे निकला। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लिया तो पता लगा कि यह शिकायतकर्ता का पति है। फिलहाल पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
यह है विवाद
महिला का उसके पति से विवाद चल रहा है। कुछ समय पहले महिला ने अपना ससुराल छोड़ दिया था और मायके आकर रहने लगी थी। यहां उसने महिला थाने में पति के खिलाफ मारपीट व दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। इसी बात से नाराज पति ने यह कृत्य किया है।