BJP अध्यक्ष अमित शाह ने कम्युनिस्ट पार्टियों की तारीफ की

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इन दिनों चौंकाने वाले फैसले और बयान दे रहे हैं। आरएसएस मुगलों को भारतीय संस्कृति का पहला हत्यारा मानता है और म्यांमार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहादुर शाह जफर की मजार पर सज़दा किया। आरएसएस और कम्युनिस्ट के बीच खूनी संघर्ष चल रहा है और अमित शाह ने कम्युनिस्ट पार्टियों की तारीफ कर डाली। भुवनेश्वर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को कहा कि केवल भाजपा और कम्युनिस्ट पार्टियों में ही आतंरिक लोकतंत्र है।

शाह ने यहां बुद्धिजीवियों की एक बैठक में कहा ‘‘स्वतंत्रता के बाद से देश में लगभग 1650 राजनीतिक दल हैं। लेकिन आतंरिक लोकतंत्र केवल भाजपा और कम्युनिस्ट पार्टियों में ही हैं, जो कांग्रेस और बीजद सहित अन्य दलों में कहीं नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि वंशवादी राजनीति का वर्चस्व कांग्रेस सहित ज्यादातर दलों में है। भाजपा अध्यक्ष ने लोगों से सवाल किया कि सोनिया गांधी के बाद भारत की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष कौन बनेगा। फिर उन्होंने कहा कि जवाब साफ है।

राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए तीन दिवसीय ओडिशा यात्रा पर आए शाह ने कहा ‘‘मैं और आप सभी जानते हैं कि सोनिया गांधी के बाद कांग्रेस की बागडोर कौन संभालेगा। हम यह भी जानते हैं कि बीजद ऐसी पार्टी है जिसकी ओडिशा में कमान संभालने के लिए बीजू परिवार से संबद्ध होना जरूरी है।’’ उन्होंने कहा ‘‘क्या कांग्रेस में और बीजद में योग्यता और काबिलियत का कोई पैमाना है। इन पार्टियों में हालांकि कई प्रतिभावान लोग हैं लेकिन वह लोग हाशिये पर हैं क्योंकि वह लोग किसी खास राजनीतिक वंश से नहीं आते।’

उन्होंने कहा ‘‘यह संभव नहीं है क्योंकि भाजपा में आतंरिक लोकतंत्र है। यहां नेताओं का चयन परिवार के आधार पर नहीं बल्कि गुणवत्ता के आधार पर होता है।’’ उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसकी विचारधारा और नीतियों की जड़ें भारत की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी हैं। कभी पंचायत से लेकर संसद तक कांग्रेस का शासन था लेकिन इस पार्टी ने भारत के लोगों को निराश ही किया। उन्होंने दावा किया कि ओडिशा में अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा 147 विधानसभा सीटों में से 120 सीटें जीतेगी क्योकि लोग राज्य में वंशवाद के शासन से परेशान हो गए हैं।

राज्य में अंधाधुंध भ्रष्टाचार  
इतनी सीटें जीतने के दावे पर बीजद नेता और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा संदेह जताने पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा ‘‘नवीनजी को गणित सीखने दीजिये। चुनाव के नतीजे और सीटों की संख्या उस दिन पता चलेगी जिस दिन वोटों की गिनती होगी।’’ नवीन पटनायक सरकार को आड़े हाथ लेते हुए शाह ने कहा कि राज्य में अंधाधुंध भ्रष्टाचार है और लोग बीजद के 17 साल से जारी शासन में बिजली तथा पेयजल की आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं तक से वंचित हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !