जबलपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने महिला छेड़छाड़ के आरोपों से घिरे गृहमंत्री बाबूलाल गौर को क्लीन चिट दी। शुक्रवार की रात अल्पप्रवास पर आए श्री सिंह ने कहा कि इस मामले में गौर पहले ही पार्टी को स्पष्टीकरण दे चुके हैं। उनके मुताबिक वे सिर्फ महिला नहीं पुरुषों को भी आगे बढ़ने के लिए हाथ से इशारा कर रहे थे। बुजुर्ग नेता हैं, इसलिए उनकी बात पार्टी ने मान ली है। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नंदकुमार चौहान ने कहा कि सिंहस्थ के बाद मंत्रीमंडल का विस्तार होने की पूरी संभावना है।
इसमें समग्र प्रदेश को ध्यान में रखकर मंत्रीमंडल का विस्तार होगा। नवागत संगठन महामंत्री सुहास भगत को लेकर श्री सिंह ने कहा कि संगठन महामंत्री मोरल अथार्रिटी होती है। अरविंद मेनन ने पार्टी को मजबूत किया है। सुहास भगत भी कुशल संगठक हैं। एकाएक हुए बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन महामंत्री का कार्यकाल अनिश्चितकाल का होता है। यह सामान्य प्रक्रिया है।
कुंभ के बाद सरकार का चेहरा बदलने की अफवाहों को उन्होंने मिथक बताया। कहा कि शिवराज सिंह ने प्रदेश में कई मिथक को पहले भी तोड़ा है। इस बार भी तोड़ेंगे। प्रदेश में चौथी दफा भी शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। सर्किट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष से मिलने महापौर डॉ.स्वाति गोडबोले, विधायक अशोक रोहाणी, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, संदीप जैन, सोनू बचवानी, मनीष जैन कल्लू, रवि शर्मा आदि मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष उमरिया से जबलपुर आए। देर रात वे ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना हो गए।