पिछोर/शिवपुरी। यहां सरेशाम तीन बदमाशों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर उसकी पत्नी को गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हत्यारे आसानी से फरार हो गए। घटना के विरोध में व्यापारियों ने चक्काजाम कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए हैं।
जानकारी अनुसार व्यापारी मैथली गुप्ता पुत्र महेश सुड़ेले कृषि उपज मंडी में व्यापार स्थल पर थे। शाम लगभग 5 बजे जब व्यापारी की पत्नि मेघना उम्र लगभग 30 वर्ष अपने दोनों बच्चों (पुत्र 5 वर्ष, पुत्री 7 वर्ष)को पढ़ा रही थी। तभी तीन अज्ञात लोग घर में घुस आए और व्यापारी की पत्नि मेघना पर कट्टा अड़ा दिया व बच्चों को दो अन्य लोगों ने पकड़ कर चाकू अड़ा दिया।
व्यापारी की पत्नि मेघना गुप्ता ने बाहरी व्यक्तियों की घुसपैठ का विरोध किया तो लाल शर्ट पहने व्यक्ति ने मेघना गुप्ता की गर्दन में गोली मार दी, गोली लगते ही महिला की मृत्यु हो गई और तीनों अज्ञात लुटेरे अपना खाली थैला छोड़ वहाँ से भाग खड़े हुए।
बेटी है चश्मदीद गवाह
लूट की वारदात की नियत से घुसे तीनों को स्थल पर उपस्थित भूमि गुप्ता पुत्री मैथली गुप्ता उम्र लगभग 7 वर्ष वारदात के समय उपस्थित थी। जिसने बताया कि वह घटना कारित करने आए तीनों व्यक्तियों को पहचान सकती है। परिजनों की मानें तो घटना की साक्ष्य भूमि गुप्ता की जान को खतरा है।
पुलिस सुरक्षा पर उठी उंगलियाँ
नगर में इस तरह हुई हत्या के विरोध में नगर के व्यापारी वर्ग, जनप्रतिनिधि, आमजन ने विरोध किया और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को शून्य बताते हुए शीघ्र ही कार्रवाई करने की मांग की। पूर्व में भी बीजासेन मंदिर के पास दिन में ही बाचरौन निवासी महिला के हाथ में गोली मार कर बदमाश फरार हो गए थे जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला।