इंदौर। जिला न्यायालय परिसर में वकीलों ने 2 पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई लगाई। एक पुलिसकर्मी तो बचने के लिए विटनेस बॉक्स में जा छिपा। दरअसल ये दोनों पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे और सरेंडर करने आए एक आरोपी को पीट रहे थे, जबकि वो अपने वकील के साथ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब एक बजे 15 नंबर कोर्ट के समीप हंगामा शुरू हुआ। छेड़छाड़ का आरोपी सरेंडर के लिए कोर्ट पहुंचा था। वह अपने वकील से चर्चा कर ही रहा था कि दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उससे मारपीट करने लगे। दोनों पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे। वकीलों ने उनसे पहचान पत्र दिखाने को कहा तो वे उनसे ही बदसलूकी करने लगे। वकीलों ने उन्हें समझाया कि तुम्हारे पास आरोपी का वारंट है तो उसे कोर्ट रूम से गिरफ्तार कर लेना।
वकीलों की बात समझने के बजाय पुलिसकर्मी वकीलों और अदालत के बारे में आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने लगे। वकील इससे आक्रोशित हो गए और पुलिसकर्मियों की जमकर धुनाई कर दी। हंगामा होता देख आसपास के वकील भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी जमकर हाथ आजमाए। वकील पुलिसकर्मियों को पीटते हुए कोर्ट रूम तक ले गए।
हंगामा यहां भी चला। वकीलों ने कोर्ट को बताया कि पुलिसकर्मी अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। आक्रोशित वकीलों ने कोर्ट रूम में भी जमकर हाथ साफ किए। एक पुलिसकर्मी को तो विटनेस बॉक्स में छुपकर खुद को बचाना पड़ा। करीब आधा घंटे बाद स्थिति सामान्य हो सकी।