जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को जयपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा राज्य की सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया और आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी से कथित रिश्तों को लेकर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेसी नेताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ''...हमारे 56 इंच की छाती वाले प्रधानमंत्री एक शब्द नहीं कह रहे हैं। अब वो सोच रहे हैं कि भाई, कांग्रेस वाले ऐसा क्यों कह रहे हैं? राहुल गांधी यहां से भाषण क्यों दे रहा है? उनको समझ नहीं आ रहा कि मैं उनकी मदद करने की कोशिश कर रहा हूं। यह राहुल गांधी की आवाज नहीं है, हिंदुस्तान की जनता की आवाज है।...पता नहीं क्या हो गया है? पहली बार ऐसी सरकार आई है जो विपक्ष की मदद में लगी हुई है। जहां भी इनको अपॉर्चुनिटी मिले, कांग्रेस पार्टी को मदद में लगे हुए हैं।
किसानों की बारी आई तो हम ऑर्डिनेंस पास करेंगे भाई। तीन बार ऑर्डिनेंस पास कर दिया। दम नहीं है। पार्लियामेंट में (लैंड बिल) पास नहीं होने देंगे। देख लेना। एक इंच जमीन नहीं जाएगी। 56 इंच की छाती 5.6 इंच की हो जाएगी 6 महीने में। और 5.6 इंच कौन करेगा? कांग्रेस पार्टी, हिंदुस्तान की जनता, हिंदुस्तान के किसान और हिंदुस्तान के मजदूर। देख लेना आप।''