भोपाल। व्यापमं मामले में व्हिसल ब्लोअर को परेशान करने वाले तबादला आदेश के बाद कांग्रेस ने दावा किया है कि मप्र में राजनैतिक संकट गहरा गया है, अत: अब प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने व्यापम महाघोटाले के व्हिसल ब्लोअर डाॅक्टर आनंद राय के इंदौर से धार जिले में किये गये स्थानांतरण की निंदा करते हुए इसे एक ओछी हरकत बताया है।
आज यहां जारी अपने बयान में मिश्रा ने कहा कि इसके पूर्व उनकी डाॅक्टर पत्नी का भी राज्य सरकार ने तबादला उज्जैन कर उन्हें मानसिक और पारिवारिक परेशानी में डाल दिया है। सरकार का यह कृत्य भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने वालों का न केवल मनोबल तोड़ने की कोशिश की है, बल्कि व्हिसल ब्लोअर अधिनियम के भी विरूद्ध है।
मिश्रा ने यह भी कहा है कि म.प्र. में संवैधानिक संकट है, क्योंकि राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों ही व्यापम महाघोटाले में आरोपित हैं। लिहाजा, यहां राजनैतिक संकट उत्पन्न हो गया है। अतः प्रदेश में राष्टपति शासन लगाया जाये।