भोपाल। भेल नगर प्रशासन द्वारा जंबूरी मैदान पर एक और जंगल (फॉरेस्ट) तैयार किया जा रहा है। जंबूरी मैदान के चारों कोने पर 50-50 हजार पौधे रोपे जाएंगे। इससे मैदान पर होने वाले कार्यक्रमों के दौरान आने वाले लोगों को तेज धूप और गर्मी से राहत मिलेगी। भेल नगर प्रशासन सलाहकार समिति के सदस्य दीपक गुप्ता के अनुसार यह निर्णय प्रशासक के साथ हुई बैठक में लिया गया।
जंबूरी मैदान पर पौध रोपन से पहले जिला प्रशासन व नगर निगम से पौधे मांगे जा रहे हैं। पौधे मिलने के बाद रूपरेखा तैयार कर एक बड़ा आयोजन कर पौधे रोपे जाएंगे। इसके अलावा अय्यपा मंदिर के पास बने शबरी वन और कालीबाड़ी के पास बने शांति वन में लगे पेड़ सूख चुके हैं। यहां भी करीब 5-5 हजार पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक भेल में करीब 6 वन बन चुके हैं।
इनमें से शबरी व शांति वन के साथ मधुवन व नंदन वन में भी कई पेड़ सूख चुके हैं। जबकि, सारंगपाणि झील के पास 6 साल पहले रोपे गए पौधे बड़े होने से नया वन तैयार हो चुका है। इसके अलावा स्पोर्टस काम्पलेक्स, साकेत नगर और गुलाब उद्यान के बीच में, फाउंड्री गेट के पास, गोविंदपुरा में भी पेड़ों की स्थिति अच्छी नहीं है। यहां भी कई जगह पौधे रोपे जाने की तैयारी चल रही है।