भूरिया ने कहा: ये तोमर की पराजय यात्रा की शुरूआत है

भोपाल। 15 साल बाद धार जिले की पीथमपुर नगर पालिका पर कब्जे के साथ प्रदेश में कांग्रेस की जो विजय-यात्रा पिछले दिसम्बर महीने में प्रारंभ हुई थी वह अब बिना रूके निरंतर आगे बढ़ रही है। आज गुना जिले की राघौगढ़ और खंडवा जिले की औंकारेश्वर नगर पालिकाओं के चुनावों के जो परिणाम घोषित हुए हैं, उनके अनुसार प्रतिष्ठापूर्ण मुकाबले में दोनों नगर पालिकाओं में कांग्रेस ने विजय हांसिल कर उन पर कब्जा कर लिया है। 

इन दोनों चुनावों की विजय ने कांग्रेस की विजय-यात्रा को आगे बढ़ाने में अभूतपूर्व योगदान दिया है। राघौगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के युवा उम्मीदवार आदित्य विक्रमसिंह 9000 के रिकार्ड अंतर से तथा औंकारेश्वर नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस उम्मीदवार श्रीमती मायाबाई जीवनसिंह ने 298 मतों के अंतर से जीत हांसिल की है। दोनों नगर पालिकाओं के वार्डों के चुनाव में भी कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा है। राघौगढ़ नगर पालिका के पार्षद पद के चुनाव में 24 में से 23 पार्षद कांग्रेस के जीते हैं। इसी प्रकार औंकारेश्वर नगर पालिका चुनाव में 15 में से कांग्रेस के 8 उम्मीदवार विजयी हुए है। कांग्रेस के विजयी नगर पालिका अध्यक्ष आदित्य विक्रमसिंह और श्रीमती मायाबाई तथा पार्टी के विजयी पार्षदों को बधाई देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने उनकी सफलता की कामना की है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री भूरिया ने इन नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पीथमपुर के मतदाताओं ने पिछले महीने कांग्रेस के माथे पर विजय तिलक लगाने का जो सिलसिला प्रारंभ किया था, राघौगढ़ और औंकारेश्वर के मतदाताओं ने वहां की नगर पालिका की बागडोर कांगे्रस को सौंपकर उस सिलसिले को आगे बढ़ाने का अभिनंदनीय कार्य किया है। आपने कहा है कि म.प्र. में कांग्रेस की विजय-यात्रा नरेन्द्रसिंह तोमर के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित होने के तत्काल बाद प्रारंभ हुई है। 

भाजपा के निवृत्तमान प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा ने तोमर के निर्वाचन पर कहा था कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में उनके शुभ पैर पडे हैं। पीथमपुर, राघौगढ़ और औंकारेश्वर नगर पालिकाओं के चुनावों के नतीजों ने साबित कर दिया है कि भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष के रूप में नरेन्द्रसिंह तोमर के उलटे पैर पड़ गए हैं, जो भाजपा को इस वर्ष इसी तरह पराजय की ओर ले जाएंगे। पीथमपुर के मतदाताओं ने कांग्रेस के प्रति विश्वास प्रगट करके भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है। कांग्रेस मतदाताओं की आवाज के साथ अपनी आवाज मिलाकर भाजपा की भ्रष्ट, निकम्मी और जन विरोधी सरकार को वर्ष 2013 में हटाकर ही चैन से बैठेगी।

श्री भूरिया ने कांग्रेस उम्मीदवारों को विजयी बनाने और दोनों नगर पालिकाएं कांग्रेस को सौंपने पर राघौगढ़ और औंकारेश्वर के मतदाताओं के प्रति आभार प्रगट किया है। आपने कहा है कि दोनों नगर पालिकाएं वहां के मतदाताओं की अपेक्षाओं को पूरी करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। 
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!