उपचुनाव: राहुल गांधी ने कसा शिवराज पर तंज | MP NEWS

भोपाल। मप्र उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा को बैकफुट पर ला दिया है। इन नतीजों के साथ यह प्रमाणित हो गया कि मध्यप्रदेश के किसी भी कौने में शिवराज का जादू नहीं चलता। भिंड के अटेर, सतना रीवा के चित्रकूट और शिवपुरी, अशोकनगर के कोलारस और मुंगावली सीटों पर शिवराज पूरी ताकत लगाने के बाद भी हार गए। सीएम शिवराज सिंह की यह लगातार 5वीं हार है। उपचुनाव के नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी तंज कसा है। 

मध्य प्रदेश के कोलारस और मुंगावली में हुए उपचुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर तंज कसा है। राहुल ने ट्वीट कर कहा है कि यह अंहकार और कुशासन की हार है। मध्य प्रदेश में हुए उपचुनाव में मिली जीत के एक दिन बाद राहुल गांधी ने ट्वीटर के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा,
"मध्यप्रदेश की जागरूक जनता, मतदाताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोलारस-मुंगावली की शानदार जीत की बधाई। यह अहंकार तथा कुशासन की हार व उम्मीद की जीत है। पहले राजस्थान और अब मध्यप्रदेश ने साबित किया कि बदलाव की आहट दस्तक दे रही है।

शिवराज को झटका, सिंधिया की बल्ले बल्ले 
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली और शिवपुरी जिले के कोलारस उपचुनाव के नतीजों से शिवराज सिंह चौहान को झटका लगा है। मुंगावली में कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा की बाई साहब यादव को 2124 वोटों से शिकस्त दी है। वहीं कोलारस में महेंद्र सिंह यादव ने भाजपा के देवेंद्र जैन को 8083 मतों से हराया। इन चुनाव में जीत के लिए शिवराज सिंह चौहान ने पूरी ताक झोंकी थी बावजूद इसके भाजपा सिंधिया के गढ़ को ढहाने में नाकाम रही।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !