भोपाल, 6 नवम्बर 2026: इस बार धनतेरस की खुशियां चयनित प्राथमिक शिक्षकों ने घर पर नहीं, बल्कि DPI कार्यालय परिसर में मनाईं। अभ्यर्थियों ने परिसर में रंगोली सजाई और दीप जलाए।
नियुक्ति में हो रही देरी के कारण मेरिट होल्डर अभ्यर्थी लगातार 32 दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन पर बैठे हैं। पहले बोर्ड ऑफिस चौराहा पर 25 दिनों तक धरना चला, अब 27 अक्टूबर से सभी चयनित शिक्षक DPI परिसर में डटे हुए हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2025 के आवेदन पत्र की कंडिका क्रमांक 49 में साफ नियम था कि अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अभ्यर्थी भी चयन हेतु मान्य होंगे, उन्हें वेरिफिकेशन (DV) की तिथि तक अपनी D.El.Ed की डिग्री पूर्ण करके प्रस्तुत करने की अनुमति होगी।
इसके बावजूद DV की निर्देशिका में इस नियम को नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे लगभग 150 चयनित शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है।
16 सितंबर 2026 को वल्लभ भवन में हुए डेलीगेशन में शिक्षा मंत्री जी द्वारा शीघ्र निराकरण का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन आज तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं हो पाए।
अभ्यर्थियों की एक ही मांग है - रूल 49 का पालन करते हुए शीघ्र नियुक्ति आदेश जारी किए जाएं, ताकि त्योहारों के इस मौसम में उन्हें भी अपने घर-परिवार के साथ खुशियां मनाने का मौका मिल सके।

