26/11 का दर्द: मुंबई हमले के वक्त क्यों बेबस था देश, और क्या कर रही थी कांग्रेस सरकार?

Updesh Awasthee
आशुतोष शर्मा |
 आज 26 नवंबर 2026 है। आज से ठीक 18 बरस पहले मुंबई पर पाकिस्तान के आतंकवादियों ने हमला किया था। पूरे 60 घंटे तक आतंकवादी, मुंबई में निर्दोष नागरिकों की हत्या करते रहे, और टीवी के सामने बैठे करोड़ों भारतीय डरते रहे। वह दर्द, वह दहशत आज भी उतनी ही जिंदा है। सवाल तो बनता है कि मुंबई हमले के वक्त, भारत इतना बेबस क्यों था और ऐसी स्थिति में कांग्रेस की सरकार क्या कर रही थी?, कुछ बिंदुओं पर बात जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसा ना हो:- 

जब अलर्ट मिल चुका था तो मुंबई को लावारिस क्यों छोड़ दिया?

जब 26/11 के खौफनाक मंजर में 166 मासूमों की सांसें थम गईं, तब पूरा देश सिर्फ आतंकियों की बारूदी गोलियों का शिकार नहीं हुआ, बल्कि अपनी ही सुरक्षा व्यवस्था की शर्मनाक नाकामी का गवाह बना। सीएसटी स्टेशन पर बिखरा खून, ताज और ओबेरॉय होटल में अपनों की तलाश में बिलखते परिवार, यह कोई अचानक आई प्राकृतिक आपदा नहीं थी। राम प्रधान समिति की जांच में साफ हुआ कि सरकार के पास आतंकी हमले के खुफिया अलर्ट पहले से मौजूद थे, लेकिन ढिलाई और अनदेखी के चलते उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया। तबाही का खतरा सिर पर मंडरा रहा था, फिर भी हमलावर समंदर के रास्ते मुंबई में घुसकर तबाही मचाते रहे। आज कांग्रेस की तत्कालीन यूपीए सरकार से देश का यह तीखा सवाल है: जब खुफिया चेतावनियां मौजूद थीं, तो मुंबई को लावारिस क्यों छोड़ दिया और अलर्ट पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई? 

नेताओं की टशन: मासूम मर रहे थे और गृहमंत्री सुपर हीरो वाली एंट्री की तैयारी कर रहे थे

26 नवंबर की उस काली रात जब मुंबई की सड़कों और होटलों में गोलियां गूंज रही थीं और भारत के करोड़ों लोग टीवी पर अपनी मुंबई को जलते हुए देख रहे थे, तब देश की सबसे बड़ी आतंकरोधी फोर्स NSG को मौके पर पहुंचने में पूरे 10 घंटे लग गए। दिल्ली से कमांडो अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे पहुंचे क्योंकि मुंबई जैसे विशाल शहर में NSG का कोई बेस ही नहीं था। गृह मंत्रालय के पूर्व अंडर सेक्रेटरी आरवीएस मणि के मुताबिक, तत्कालीन गृह मंत्री शिवराज पाटिल की कमांडो के साथ ही उड़ने की जिद ने तैनाती में और देरी करा दी। अपनों की जान बचाने के लिए तड़पते लोगों का दर्द एक तरफ था, और दूसरी तरफ दिल्ली में फैसलों और औपचारिकता में हो रही देरी। तत्कालीन कांग्रेस सरकार से सवाल है कि आखिर देश के इतने बड़े शहर में तुरंत कार्रवाई के इंतजाम क्यों नहीं थे और संकट के समय फैसले लेने में यह आपराधिक देरी क्यों हुई? 

खून के घूंट पीकर बैठा रहा देश: क्या अमेरिका के दबाव में गवां दिया बदला लेने का मौका?

मुंबई हमले में 166 नागरिकों की शहादत के बाद देश का खून खौल रहा था और हर भारतीय को उम्मीद थी कि सरकार पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर करारा जवाब देगी। पूर्व वायुसेना पायलट मोहंतो पांगिंग पाओ के खुलासे के अनुसार Su-30MKI लड़ाकू विमान और मिसाइलें पूरी तरह तैयार थीं, लेकिन सरकार ने हरी झंडी नहीं दी। पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम ने भी माना कि मनमोहन सरकार में सैन्य कार्रवाई पर चर्चा हुई थी, मगर अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस के दबाव और कूटनीतिक सलाह के आगे घुटने टेकते हुए सैन्य कार्रवाई न करने का फैसला लिया गया। कांग्रेस की यूपीए सरकार से जनता पूछती है कि क्या हमारे शहीदों और नागरिकों का खून इतना सस्ता था कि अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे पाकिस्तान के खिलाफ फौज को रोक दिया गया? 

पाकिस्तान को राहत देने देश में सियासी ड्रामा!

अजमल कसाब के जिंदा पकड़े जाने और लश्कर-ए-तैयबा की भूमिका बेनकाब होने के बावजूद, कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी ने हमले के बाद एक घिनौना सियासी खेल शुरू कर दिया। दिग्विजय सिंह ने इस जघन्य हमले को आरएसएस से जोड़कर नया विवाद खड़ा कर दिया, तो केंद्रीय मंत्री एआर अंतुले ने शहीद हेमंत करकरे की मौत के हालात पर सवाल उठा दिए। हद तो तब हो गई जब 2024 में कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा कर दिया कि करकरे की जान कसाब की नहीं बल्कि आरएसएस समर्थक पुलिस अधिकारी की गोली से गई थी। जिस वक्त पूरा देश पाकिस्तान से हिसाब मांग रहा था, उस वक्त कांग्रेस नेताओं का पूरा जोर देश के भीतर ही सवाल भटकाने पर क्यों था? क्या उस दौर में प्राथमिकता आतंकियों को सजा दिलाना थी या जनता का ध्यान भटकना चाहते थे, ताकि पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई का प्रेशर ही खत्म हो जाए? 

मुंबई में लाशें बिछी थीं, दिल्ली में महफ़िल जमी थी: पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक!

एक तरफ मुंबई में 166 बेकसूर लोगों की मौत से सन्नाटा पसरा था और पीड़ित परिवार अपने स्वजनों के शवों के पास रो-बिलख रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के आलाकमान की संवेदनहीनता देश को हैरान कर रही थी। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलों के तुरंत बाद कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी दिल्ली के छतरपुर में अपने दोस्त की शादी के संगीत समारोह में सुबह 5 बजे तक जश्न मनाते रहे। इसके साथ ही कसाब को बिरयानी परोसे जाने की बहस और कुछ नेताओं द्वारा आतंकियों का पक्ष लेने जैसी खबरों ने देश के गुस्से को भड़का दिया। देश आज भी पूछता है कि जब पूरी मुंबई मातम में डूबी थी, तब सत्ता के गलियारों में जश्न और ढिलाई का यह रवैया पीड़ित परिवारों के जख्मों पर छिड़का गया नमक नहीं तो और क्या था? 

राहुल गांधी के विवादित बयान के मायने क्या है?

26/11 के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि 2011 के हमलों के बाद राहुल गांधी ने बयान दिया कि 'भारत 99% आतंकी हमले रोकता है और 1% हो जाते हैं'। राहुल गांधी के लिए 1% महज एक आंकड़ा हो सकता है, लेकिन जिन परिवारों ने अपनों को हमेशा के लिए खो दिया, उनके लिए वह 1% पूरी ज़िंदगी का विनाश था। इतना ही नहीं, 2012 में उन्होंने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता बिलावल भुट्टो का पाकिस्तान आने का न्योता सहर्ष स्वीकार कर लिया। जिस पाकिस्तान की सरज़मीं से आए आतंकियों ने मुंबई को लहूलुहान किया, उसी मुल्क से इस तरह की सहृदयता दिखाना कांग्रेस के रवैये को उजागर करता है। सवाल उठता है कि क्या कांग्रेस सरकार के लिए 166 मासूमों की जान सिर्फ एक आंकड़ा थी और पाकिस्तान के प्रति इतना नरम रुख क्यों रखा गया?
लेखक श्री आशुतोष शर्मा, मध्य प्रदेश के ओजस्वी एवं लोकप्रिय कवि हैं।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!