भोपाल, 17 नवम्बर 2026: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के क्षेत्र में आयोजित हुए नीलगढ़ उत्सव की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। बताया गया है कि इस कार्यक्रम में स्वयं शिवराज सिंह भी शामिल हुए थे। उनके साथ विधायक रमाकांत भार्गव भी थे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधायक रमाकांत भार्गव
पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता अजय दुबे की शिकायत के अनुसार, रायसेन के नीलगढ़ गांव में 24 अक्टूबर 2026 को रात के समय व्यावसायिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह गांव रातापानी टाइगर रिजर्व के अधिसूचित क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट (CTH) और संवेदनशील क्षेत्र में आता है। कार्यक्रम में ढोल-ढमाके और तेज आवाज वाले वाद्य यंत्र बजाए गए थे। इसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्थानीय विधायक रमाकांत भार्गव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए थे। गांव के सरपंच और ग्रामीणों ने विस्थापन से पहले यह कार्यक्रम आयोजित किया था।
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी पर सवाल
पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता अजय दुबे ने कार्यक्रम को लेकर शिकायत की थी। इसमें प्रवेश शुल्क, नकद पुरस्कार, लाउडस्पीकर, डीजे और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में वन भवन के कर्मचारियों और समितियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
तीन दिन में मुख्यालय भेजनी होगी रिपोर्ट
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। भोपाल वृत्त के वन संरक्षक को कार्रवाई के विवरण के साथ तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में पता चलेगा कि कार्यक्रम के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं और नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट (CTH) जिसे बाघ अभयारण्य का 'कोर क्षेत्र' भी कहा जाता है, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अधिसूचित वह सख्त संरक्षित क्षेत्र है जहाँ बाघों के सुरक्षित प्रजनन और विकास के लिए मानवीय हस्तक्षेप पूरी तरह से प्रतिबंधित होता है। इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (2006 में संशोधित) की धारा 38V के तहत परिभाषित किया गया है।

