MP POLICE कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में गोलमाल तो है, MPESB वालों के नैरेटिव का पोस्टमार्टम पढ़िए

Updesh Awasthee
भोपाल, 23 नवम्बर 2026:
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) ने 7,500 पदों के लिए आयोजित होने वाली एमपी पुलिस कांस्टेबल (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा 2026 को स्थगित कर दिया है। उम्मीदवारों को और मीडिया को इसके पीछे का कारण नहीं बताया गया है। पहले प्रशासनिक कारण कहा, फिर एक नैरेटिव सेट किया जा रहा है। चलिए एमपीईएसबी वालों के नैरेटिव का पोस्टमार्टम करते हैं, फिर पता करेंगे कि गोलमाल कहां है और कौन कर रहा है: 

MPESB वालों के नैरेटिव का पोस्टमार्टम

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी पूर्व अधिसूचना के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में 19 नवंबर 2026 से ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का आयोजन प्रस्तावित था। कर्मचारी चयन मंडल के डायरेक्टर से जुड़े लोग मीडिया में एक नैरेटिव सेट करने के लिए बता रहे हैं कि, कुल आवेदकों की संख्या 7.54 लाख हो गई थी। कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल इतनी बड़ी संख्या में परीक्षा करवाने में सक्षम नहीं है, जबकि वास्तविकता यह है कि पिछली बार 9.78 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन भरा था और यह परीक्षा CBT मोड में 30 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित हुई थी। 

आशय स्पष्ट है कि मामला आवेदकों की संख्या का नहीं है, यदि होता तो परीक्षा पहले ही स्थगित हो गई होती। 10 नवम्बर को ऐ​डमिट कार्ड नहीं आए, 19 नवम्बर को परीक्षा नहीं हुई और 22 नवम्बर को परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना जारी हुई। तारीखों के आधार पर क्रोनोलॉजी समझिए, कोई ऐसी बात है, जो बन नहीं पा रही थी। बन जाती तो परीक्षा हो जाती। जानकारी मिली है कि परीक्षा का ठेका APTECH नाम की कंपनी को दिया गया है। इस कंपनी के हाथ में सबकुछ है। ज​बकि कंपनी का सिस्टम खटारा है। वनरक्षक, जेल प्रहरी आदि की परीक्षा में इस कंपनी का सर्वर क्रैश हो चुका है, लेकिन यह टैक्निकल इश्यू नहीं है। टैक्निकल इश्यू होता तो या तो समय से पहले ही सॉल्व हो जाता या फिर 10 नवम्बर से पहले ही परीक्षा स्थगित हो जाती। 

बात तो कुछ ऐसी लग रही है जैसे 2 .... आपस में लड़ रहे थे। लड़ाई इतनी जोर से हो रही थी कि, किसी को कुछ और होश ही नहीं था। शायद यही कारण है कि परीक्षा की तारीख निकल जाने के बाद भी परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना नहीं छापी गई। 

कब आएगा नया परीक्षा शेड्यूल और एडमिट कार्ड?

परीक्षा स्थगित होने की आधिकारिक सूचना के बाद अब अभ्यर्थियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई तारीखों का ऐलान कब होगा। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की कार्यप्रणाली और अन्य पूर्ववर्ती परीक्षाओं के कैलेंडर को देखें तो मंडल इस समय परीक्षा केंद्रों के पुनर्निर्धारण और तकनीकी एजेंसियों के साथ समन्वय की प्रक्रिया में है। मतलब अभी कुछ भी नहीं किया जा सकता। जब ​तक जुगाड़ नहीं हो जाएगा, तब तक परीक्षा स्थगित रहेगी। 

अभ्यर्थियों के लिए आगामी दिनों की सटीक रणनीति

परीक्षा टलने के बाद निराश या आलसी होने के बजाय जो अभ्यर्थी अपनी लय बनाए रखेंगे, अंतिम चयन सूची में उन्हीं का नाम दर्ज होगा। विशेषज्ञों के अनुसार छात्रों को आगामी दिनों में निम्नलिखित चार बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए:
मॉक टेस्ट का नियमित अभ्यास: चूंकि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं है, इसलिए सभी 100 प्रश्नों को 120 मिनट के भीतर हल करने की गति बनाए रखना जरूरी है। सप्ताह में कम से कम तीन ऑनलाइन मॉक टेस्ट दें।
मध्य प्रदेश सामान्य ज्ञान और विज्ञान पर विशेष ध्यान: पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण बताता है कि विज्ञान और एमपी जीके के प्रश्न मेरिट तय करने में निर्णायक साबित होते हैं। इनका नियमित रिवीजन करें।
शारीरिक अभ्यास न छोड़ें: नवंबर और दिसंबर का मौसम दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक के अभ्यास के लिए सबसे अनुकूल होता है। अपनी मांसपेशियों को चोट से बचाते हुए नियमित अभ्यास जारी रखें।
आधार और बायोमेट्रिक अपडेट की जांच: परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होता है। यदि किसी अभ्यर्थी का आधार कार्ड लॉक है या बायोमेट्रिक अपडेट नहीं है, तो इस मिले हुए समय में नजदीकी आधार केंद्र जाकर उसे तुरंत दुरुस्त करवा लें।

एक्शन गाइड: आवेदकों के परिजन क्या करें

एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 के सभी आवेदकों और उनके अभिभावकों के लिए व्यावहारिक और आधिकारिक कदम नीचे दिए गए हैं:
केवल भरोसेमंद न्यूजसोर्स का उपयोग करें: नए परीक्षा शेड्यूल और एडमिट कार्ड की प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल भोपाल समाचार डॉट कॉम जैसे भरोसेमंद न्यूजसोर्स का उपयोग करें। न्यूज को वैरीफाई करने के लिए मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in चेक करें। किसी भी अन्य अनधिकृत लिंक पर अपना आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज न करें।
मंडल के हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करें: यदि आपको अपने आवेदन पत्र, प्रवेश पत्र या परीक्षा से संबंधित कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त करनी है, तो एमपीईएसबी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18002337899 या दूरभाष क्रमांक 0755-2578801-02 पर कार्यालयीन समय में संपर्क करें।
आवेदन की रसीद और दस्तावेज सुरक्षित रखें: अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट, आवेदन संख्या (एप्लीकेशन नंबर), जन्मतिथि विवरण और मूल फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड) एक सुरक्षित फोल्डर में रखें।

साइबर ठगी और फर्जी भर्ती गिरोहों की तुरंत शिकायत करें: 
यदि कोई व्यक्ति आपको फोन, व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर पैसे लेकर परीक्षा पास कराने का प्रलोभन देता है या फर्जी एडमिट कार्ड लिंक भेजकर ठगी का प्रयास करता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। राज्य स्तर पर शिकायत के लिए एमपी सीएम हेल्पलाइन 181 या आपातकालीन पुलिस सहायता 112 की मदद लें।

परीक्षा के तनाव और मानसिक दबाव से निपटने के लिए सहायता
परीक्षा स्थगित होने या भविष्य की अनिश्चितता के कारण यदि किसी अभ्यर्थी को अत्यधिक मानसिक तनाव, घबराहट या निराशा महसूस हो रही हो, तो संकोच न करें। भारत सरकार की निःशुल्क राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन Tele-MANAS (14416 या 1800-891-4416) पर चौबीसों घंटे किसी भी समय कॉल करके विशेषज्ञ परामर्शदाताओं से गोपनीय बातचीत करें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!