भोपाल, 6 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि साल 2027 को हम और आप, युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रहे हैं। इसलिए इस साल में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा का आयोजन साल में एक बार नहीं बल्कि दो बार किया जाएगा। पढ़िए युवाओं के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं:-
Chief Minister Dr. Mohan Yadav makes major announcements for Madhya Pradesh youth
- प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस शुरू होंगी।
- उच्च शिक्षा में शोध को प्रोत्साहन देने के लिए शोधार्थियों मिलने वाली राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह की जाएगी।
- सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस और एडवांस कम्प्युटिंग लैब की स्थापना की जाएगी।
- स्टार्टअप के लिए अच्छे आइडियाज मिलें, इसके लिए 5 करोड़ रुपए का आइडिया फंड बनाने का प्रावधान किया गया है।
- स्नातकोत्तर की छात्राओं को गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा।
- युवाओं के प्लेसमेंट कराने के लिए एक एजेंसी नियुक्त की जाएगी। सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए काम करेगी।
- राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 500 नई ईकाइयां बनाई जाएंगी।
- शोध संस्था में 1 करोड़ रुपए का फंड विश्वविद्यालय निधि से स्थापित किया जाएगा।
- प्रदेश के एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ा जाएगा।
- प्रत्येक संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे।
- प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2027 में फिर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) का आयोजन होगा।
- प्रदेश में पीएससी की सालाना परीक्षा के अतिरिक्त अब हर वर्ष एक विशेष परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
- युवा वर्ष 2027 के लिए एक पोर्टल की शुरुआत करेंगे, जिसमें युवा अपने आइडिया और सुझाव दे सकते हैं। उन्हें लागू करेंगे।
- अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेज और रोजगार परख कोर्स के लिए 12 स्किल यूनिवर्सिटी प्रारंभ की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 'सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026' का आयोजन किया गया था। इसमें 20000 से अधिक युवा शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, यूथ कॉन्क्लेव में शामिल हुए युवाओं को संबोधित कर रहे थे। रिपोर्ट: आलोक शर्मा।

