MP NEWS: सरकारी शिक्षकों की पात्रता परीक्षा की तैयारी पूरी, 19000 से ज्यादा शिक्षकों ने अप्लाई किया

Updesh Awasthee
भोपाल, 17 सितंबर 2026:
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित न्यूनतम योग्यता के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आयोजित सरकारी शिक्षकों की विशेष पात्रता परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। मध्य प्रदेश में MPBOARD के माध्यम से ऑफलाइन परीक्षा करवाई जाएगी। अब तक 19000 से ज्यादा शिक्षकों ने परीक्षा के लिए अप्लाई कर दिया है। ऑनलाइन एप्लीकेशन की लास्ट डेट बढ़ाकर 5 अक्टूबर की गई है। इसी के साथ परीक्षा केंद्र के निर्धारण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। 

एप्लीकेशन की लास्ट डेट के 2 महीने बाद परीक्षा करवाएंगे: एमपी बोर्ड

स्कूल शिक्षा और ट्राइबल विभाग के करीब डेढ़ लाख शिक्षक इसके दायरे में आते हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने TET कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) को परीक्षा एजेंसी बनाया है।परीक्षा के लिए सभी 55 जिलों के जिला मुख्यालयों में केंद्र बनाए जाएंगे। माशिमं कर्मचारी चयन मंडल के पैटर्न पर परीक्षा कराएगा। अंतर यह होगा कि कर्मचारी चयन मंडल ऑनलाइन परीक्षा लेता है, जबकि माशिमं TET की परीक्षा ऑफलाइन लेगा। माशिमं अधिकारियों के अनुसार फिलहाल फोकस परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों की संख्या तय करने पर है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक संख्या तय होने के बाद परीक्षा कराने की तैयारियों में करीब दो महीने का समय लग सकता है। 

सबका ध्यान रखेंगे: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने TET की अनिवार्यता के क्रियान्वयन को लेकर शिक्षकों, शिक्षक संघों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य संगठनों से मिले अभ्यावेदनों का संज्ञान लिया है। मंत्रालय ने कहा है कि TET से जुड़ी मौजूदा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की जाएगी। इसमें सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश और टिप्पणियां भी शामिल होंगी।समीक्षा में मौजूदा TET, पात्रता और योग्यता ढांचे, सेवारत शिक्षकों के लिए TET अनिवार्यता से जुड़े मुद्दे, परीक्षा उचित अंतराल पर कराने, शिक्षकों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और संबंधित वैधानिक प्रावधानों में बदलाव की जरूरत जैसे बिंदु शामिल हैं। राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों, NCTE, शैक्षणिक विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों से भी परामर्श किया जाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग पदोन्नति के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करे

शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से उच्च पद का प्रभार संभाल रहे शिक्षकों के बीच पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर चिंता बनी हुई है। शिक्षक चाहते हैं कि विभाग पदोन्नति के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करे। पदोन्नति प्राप्त कर चुके शिक्षकों के पदस्थापना आदेश जारी नहीं होने से भी असमंजस है। इसके अलावा ई-अटेंडेंस में ग्रामीण क्षेत्रों की नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग भी शिक्षक कर रहे हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!