राहुल गांधी के कार्यक्रम में NSUI ने ABVP को इनवाइट किया, यही है मध्य प्रदेश की पहचान

Updesh Awasthee
भोपाल, 16 सितंबर 2026:
मध्य प्रदेश भारत के मध्य में स्थित है लेकिन देशभर की जातिवादी, संप्रदाय वादी और अन्य विशेष प्रकार की कट्टर विचारधाराओं के नेता कभी समझ नहीं पाए के मध्य प्रदेश, उनसे प्रभावित क्यों नहीं होता। दरअसल मध्य प्रदेश की पॉलिटिक्स की अपनी एक परंपरा है और यही पहचान भी है। कांग्रेस पार्टी के छात्र संगठन NSUI ने इंदौर में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम में, विचारधारा के कारण भाजपा के पक्ष में काम करने वाले छात्र संगठन ABVP को आमंत्रित किया है। यही बात मध्य प्रदेश को, सबसे अलग और सर्वश्रेष्ठ बनाती है। 

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के भोपाल स्थित कार्यालय पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित किया जाना है। जिसमें मध्यप्रदेश के छात्र-छात्राओं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद एवं चर्चा प्रस्तावित है। NSUI प्रतिनिधिमंडल ने परिषद कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि छात्र-युवा वर्ग से जुड़े विषय किसी एक संगठन या विचारधारा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। ऐसे में छात्र संगठनों के बीच संवाद और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा लोकतांत्रिक छात्र राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। परमार ने बताया, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज को प्रमुखता से सामने लाना और शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों में सुविधाओं, छात्र अधिकारों एवं युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर संवाद को आगे बढ़ाना है।

जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने बताया, एबीवीपी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने संगठन के छात्र प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखें।तोमर ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े विषयों पर अलग-अलग छात्र संगठनों के विचार सामने आना आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों के वास्तविक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हो सके। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अमित हाटिया, आर्यन मंडलोई, लकी चौबे, धीरज वर्मा एवं टीआईटी कॉलेज अध्यक्ष हर्ष पटेल आदि मौजूद थे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!