भोपाल, 26 सितंबर 2026: मध्य प्रदेश में लव जिहाद को रोकने के लिए पुलिस को फ्री हैंड देने वाले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की हत्या की धमकी देने वाले अफजल शेख को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मूल रूप से बुरहानपुर का रहने वाला है। अब पुलिस उसके अब्बू की तलाश कर रही है, क्योंकि उसने अपने बयान में अब्बू का जिक्र किया है। पुलिस जानना चाहती है कि वह किस अब्बू की बात कर रहा है। अपने बायोलॉजिकल फादर या फिर गॉडफादर...
मैसेज को दो बार एडिट किया और फिर डिलीट कर दिया
पुलिस के मुताबिक, अफजल मूल रूप से बुरहानपुर जिले का रहने वाला है। उसके माता-पिता का तलाक हो चुका है। 23 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय में संचालित डायल-112 के आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर पर मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी वाला मैसेज आया था। आरोपी ने मुख्यमंत्री का नाम लिखकर जान से मारने की बात कही थी। बाद में उसने मैसेज को दो बार एडिट किया और अंत में डिलीट कर दिया। डायल-112 पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते इसका स्क्रीनशॉट ले लिया था।
रेडियो मुख्यालय की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल और वॉट्सऐप गतिविधियों की जांच में आरोपी की लोकेशन मुंबई में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
अफजल के बयान संदिग्ध, क्या वह किसी साजिश में शामिल है
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वह कैटरिंग सर्विस में काम करता है, ताकि उसे मुफ्त खाना मिलता रहे। उसने यह भी बताया कि वह बुरहानपुर से मुंबई विदाउट टिकट यात्रा करता है और कई बार पकड़ा जा चुका है। धमकी भरा मैसेज करने के लिए उसने अपने दोस्त के मोबाइल फोन का उपयोग किया। उसका कहना है कि उसके पिता ने उसकी मां से तलाक ले लिया है। वह अपने पिता से बदला लेना चाहता था, इसलिए मैसेज किया।
पुलिस के सामने बड़े सवाल
- यदि वह अपने पिता को फंसना चाहता था तो दोस्त के मोबाइल से मैसेज क्यों किया। दो बार एडिट क्यों किया और फिर डिलीट क्यों किया।
- उसने यह क्यों बताया कि वह विदाउट टिकट यात्रा करता था, जबकि इस बिंदु की जरूरत ही नहीं है।
- उसने बताया कि वह दो वक्त का खाना, के बदले काम करता था। मतलब उसको पैसों की जरूरत है।
- कहीं ऐसा तो नहीं हो कि वह किसी भारत विरोधी संगठन का हिस्सा बन गया या फिर कैटरिंग की सेवा के दौरान संगठन के संपर्क में आ गया और उसे पता चल गया।
- कहीं उसको इसलिए तो शामिल नहीं किया गया क्योंकि वह मध्य प्रदेश का रहने वाला है।

