CAA तो बहाना था, कुछ मुसलमानों को भाजपा छोड़कर जाना ही था: शाहनवाज हुसैन | INDORE NEWS

Updesh Awasthee
इंदौर। भाजपा में सबसे ज्यादा अल्पसंख्यक कार्यकर्ता हैं। जिन्हें पार्टी छोड़कर जाना था, उन्हें बहाना चाहिए था। 99 प्रतिशत अल्पसंख्यक कार्यकर्ता भाजपा के साथ हैं। पूरी दुनिया जानती है कि सीएए नागरिकता लेने वाला नहीं, देने वाला कानून है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने मीडिया से चर्चा में कही। उन्होंने कहा कि सीएए कानून को लेकर विपक्ष भ्रम फैला रहा है। 

मप्र से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद भाजपा सत्ता में नहीं आ सकी, लेकिन कांग्रेस के राज में विकास की धारा रुक गई है। कमलनाथ जल्दी दबाव में आ जाते हैं। अभी तो कांग्रेस के घर में खुद कांग्रेस के चिराग से ही आग लगी है। ज्योतिरादित्य सिंधिया खुद कह रहे हैं कि सरकार ने वचन पत्र पर पूरी तरह अमल नहीं किया है। वाकई सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। भाजपा सरकार ने जो योजनाएं चलाई थीं, उन्हें बंद कर दिया गया।

दिल्ली में मिली हार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद को वोटों से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। पहले भी हम दिल्ली चुनाव हारे थे। इस बार तो हमारे पास 40 प्रतिशत वोट हैं। दिल्ली में कोई तीसरी पार्टी नहीं थी। कुछ राज्यों में तो हमने 40 प्रतिशत वोट में दूसरी पार्टियों के साथ मिलकर सरकारें बनाईं। दिल्ली की हार के बाद हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था कि हम सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। महाकाल एक्सप्रेस में भगवान की सीट बुक किए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की आस्था रही होगी, उसे विवाद से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!